Uber काफी पॉपुलर ऑनलाइन टैक्सी सर्विस है. हालांकि, कई बार गलत कारणों से ये चर्चा में आ जाती है. कुछ समय पहले खबर आई थी कि मुंबई के एक व्यक्ति को 50KM Uber राइड के लिए 3,000 रुपये खर्च करने पड़े थे. हालांकि, उस समय का का मौसम काफी खराब था.
लेकिन, अब एक बार फिर से ऐसी ही एक घटना सामने आई है. इसमें साफ मौसम में भी व्यक्ति को लगभग 3,000 रुपये खर्च करने पड़े. ये घटना Delhi-NCR की बताई जा रही है. एक रिपोर्ट के अनुसार, Delhi-NCR के रहने वाले एक शख्स ने दिल्ली एयरपोर्ट (टर्मिनल 2) से अपने नोएडा के लिए कैब बुक की.
ये राइड लगभग 45KM की थी. इसके लिए उन्हें 2,935 रुपये खर्च करने पड़े. इसको लेकर नोएडा के रहने वाले Debarshi Dasgupta ने ट्वीट करके जानकारी दी है. उन्होंने ट्वीट में बताया है कि कैब के मीटर ने उनसे 147.39KM राइड के लिए चार्ज किया.
ये उनके ट्रैवल की गई दूरी से तिगुनी है. उन्होंने कहा कि कैब में वो एक घंटे से थोड़ा ही ज्यादा रहे होंगे लेकिन, बिल देखकर उनके होश उड़ गए. उन्होंने आगे बताया कि कैब बुक करते समय उनके बुकिंग अमाउंट 1,143 रुपये दिखाया गया था.
दूसरे ट्वीट में उन्होंने लिखा है कि पिकअप और ड्रॉप लोकेशन भी इसमें गलत बता रहा है. जल्दी से इस दिक्कत को दूर करके एक्सेस अमाउंट रिफंड करें. उनके ट्वीट पर Uber का भी रिप्लाई आया है. कंपनी ने लिखा है कि उनकी टीम इस मामले की जांच कर रही है.
उनके इस ट्वीट के रिप्लाई में एक और उबर कस्टमर ने लिखा है कि कंपनी ने कुछ ऐसा ही मेरे साथ भी किया था. उबर ने एक बार T3 से नोएडा के लिए उनसे लगभग 3 हजार रुपये लिए थे. उन्होंने रिफंड की मांग इसलिए की क्योंकि बुक करते समय ये अमाउंट 1500 रुपये था.