दक्षिण कोरियाई शहर इंचियोन ने 15 दिन तक चले एशियाई खेलों के बाद शनिवार को रंगबिरंगे समापन समारोह में 45 देशों के एथलीटों और अधिकारियों को ‘गुडबाय’ कहा. इसके साथ ही 17वें एशियाई खेलों का समापन हो गया. ठंडी हवाओं के बीच आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने इंचियोन एशियाड मेन स्टेडियम में दर्शकों को रोमांचित किया, जिसमें एशिया ओलंपिक परिषद के अध्यक्ष शेख अहमद अल फहद अल सबा ने अधिकारिक समापन समारोह भाषण दिया.
ओसीए प्रमुख शेख अहमद अल सबा ने इंचियोन खेलों को समाप्त करते हुए कहा, ‘मैं 17वें एशियाई खेलों को संपन्न घोषित करता हूं और पंरपरा के अनुसार मैं एशिया के युवाओं को चार साल बाद इंडोनेशिया के जकार्ता में 18वें एशियाई खेलों के जश्न के लिए एकत्रित होने के लिए कहता हूं. एशिया के युवा भाईचारे की भावना और मानवता की अच्छाई से एशियाई खेलों का जश्न मनाते रहें.’ उन्होंने कहा, ‘शुक्रिया इंचियोन, शुक्रिया कोरिया, शुक्रिया एशिया.’ इसके बाद उन्होंने ब्रिटिश ओलंपिक चैम्पियन धावक मो फराह के स्टाइल में ‘मोबोट’ अंदाज में एशियाई खेलों का समापन किया.
टॉप 10 में रहा भारत
इन खेलों में भारत शीर्ष 10 में रहने में सफल रहा, जबकि चीन ने अपनी बादशाहत जारी रखते हुए लगातार नौवीं बार पहला स्थान बरकरार रखा. ओसीए का ध्वज नीचे किया गया और उनका अधिकारिक गान स्टेडियम में गूंजने लगा जो खेलों के समापन का संकेत था, जिसमें 45 देशों ने 36 खेल स्पर्धाओं में भाग लिया. इसके बाद अगले एशियाई खेलों के मेजबान इंडोनेशिया को मशाल सौंपी गई. खेलों की लौ बुझा दी गई और पटाखों की आतिशबाजी ढाई घंटे तक चले समापन समारोह के अंत का संकेत थी.
चीन लगातार नौंवी बार टॉप पर
विश्व खेलों के ‘पावरहाउस’ चीन ने लगातार नौंवी बार पदक तालिका में शीर्ष स्थान कायम रखा, जिसमें उसने 151 गोल्ड के साथ कुल 342 पदक हासिल किए. चीन के कुल पदक चार साल पहले ग्वांग्झू से 48 कम हैं. भारत ने कुल 57 पदक हासिल किए, जिसमें 11 गोल्ड, 10 सिल्वर और 36 ब्रॉन्ज शामिल हैं. चार साल पहले भारत 14 गोल्ड, 17 सिल्वर और 34 ब्रॉन्ज से छठे स्थान पर रहा था.
समापन समारोह को वर्गों में बांटा गया था. सांस्कृतिक कार्यक्रम के बीच में विभिन्न देशों के एथलीट मिश्रित ग्रुप में आए, जो उत्सव का हिस्सा थे और इस माहौल में रम गए. भाग ले रहे देशों के खिलाड़ियों का इस तरह से प्रवेश करना अच्छा रहा और इन खेलों की थीम ‘वन एशिया’ के साथ पूरी तरह फिट रहा.
समारोह के पहले हिस्से में कोरिया की राष्ट्रीय नृत्य कंपनी ‘रेनबो कोएर’, राष्ट्रीय गुगाक सेंटर डांस ग्रुप के प्रदर्शन और कोरिया की पारंपरिक मार्शल आर्ट ताइक्वांडो ने सभी को बांध दिया और इसके बाद सेरोटोनिन क्लब ड्रमर्स ने भी शानदार प्रदर्शन किया. खेलों की अच्छी यादों को ताजा करते हुए रेनबो कोएर ने एक गाना गाया, जिसमें एशियाई मित्रों के लिए शांति और प्रशंसा का संदेश था.