scorecardresearch
 

RR vs DC IPL 2023: बल्लेबाजों के बाद चहल-बोल्ट का कमाल... दिल्ली को हराकर टॉप पर पहुंची राजस्थान रॉयल्स

आईपीएल 2023 में दिल्ली कैपिटल्स की हार का सिलसिला जारी है. 8 अप्रैल (शनिवार) को गुवाहाटी में खेले गए मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स को राजस्थान रॉयल्स ने 57 रनों से हरा दिया. दिल्ली की ओर से कप्तान डेविड वॉर्नर ने सबसे ज्यादा 65 रन बनाए. इस जीत के चलते राजस्थान रॉयल्स अंकतालिका में टॉप पर आ चुकी है.

Advertisement
X
Rajasthan Royals Team
Rajasthan Royals Team

दिल्ली कैपिटल्स (DC) को आईपीएल 2023 में लगातार तीसरी हार मिली है. गुवाहाटी में खेल गए मुकाबले में दिल्ली को राजस्थान रॉयल्स (RR) ने 57 रनों से हरा दिया. 200 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए दिल्ली कैपिटल्स की टीम 9 विकेट पर 142 रन ही बना सकी. दिल्ली के लिए कप्तान डेविड वॉर्नर ने सबसे ज्यादा 65 रन बनाए. बाकी के बल्लेबाज कुछ खास खेल नहीं दिखा पाए.

राजस्थान रॉयल्स की ओर से तेज गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट और युजवेंद्र चहल ने तीन-तीन विकेट चटकाए. राजस्थान रॉयल्स की तीन मुकाबलों में यह दूसरी जीत रही और वह अंकतालिका में पहले नंबर पर आ गई है.

टारगेट का पीछा करते हुए दिल्ली की शुरुआत काफी खराब रही और उसने पहली ही ओवर में शून्य के स्कोर पर दो विकेट खो दिए. पहले बोल्ट ने पृथ्वी शॉ को विकेटकीपर सैमसन के हाथों कैच आउट कराया. फिर अगली गेंद पर उन्होंने मनीष पांडे को एलबीडब्ल्यू आउट कर दिया. यहां से दिल्ली की टीम बैकफुट पर ही दिखाई दी.

इसके बाद दिल्ली ने छठे ओवर में रिली रोसो का विकेट गंवा दिया. रोसो (14 रन) को रविचंद्रन अश्विन ने यशस्वी जायसवाल के हाथों कैच आउट कराया. 36 रनों पर तीन विकेट गिरने के बाद वॉर्नर और ललित यादव के बीच 64 रनों की साझेदारी हुई, जिससे दिल्ली की मैच में थोड़ी वापसी हुई. हालांकि, आवश्यक रन-रेट बढ़ चुका था जिसके चलते दिल्ली पर प्रेशर बना रहा. नतीजतन दिल्ली ने इसके बाद लगातार अंतराल पर विकेट गंवाए.

Advertisement

38 रन (24 गेंद, पांच चौके) बनाने वाले ललित यादव को ट्रेंट बोल्ट ने बोल्ड किया. वहीं चहल ने अक्षर पटेल, डेविड वॉर्नर और अभिषेक पोरेल (7 रन) को आउट किया. डेविड वॉर्नर ने 65 रनों की पारी में सात चौके लगाए. रोवमैन पॉवेल (2 रन) और एनरिक नॉर्किया (0 रन) कुछ खास नहीं कर पाए.

Points Table

जायसवाल-बटलर ने जड़े अर्धशतक

टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी राजस्थान रॉयल्स की शुरुआत अच्छी रही. जोस बटलर और यशस्वी जायसवाल ने मिलकर पहले विकेट के लिए 98 रन जोड़े. इनिंग्स के पहले ही ओवर में यशस्वी ने खलील अहमद (दो ओवर में 31 रन) को पांच चौके जड़ दिए, जो इस आईपीएल का सबसे महंगा पहला ओवर रहा.

दूसरे ओवर में जोस बटलर ने तीन चौके जड़े जिससे दो ओवर में आठ चौके लग चुके थे. राजस्थान रॉयल्स ने रनों का पचासा चार ओवर में पूरा कर लिया जिसमें से 40 रन चौकों से ही बने. इससे पावरप्ले में टीम का स्कोर बिना विकेट गंवाए 68 रन था. जायसवाल ने 25 गेंद में 11 चौकों की मदद से अर्धशतक पूरा किया. पारी का पहला छक्का भी जायसवाल के बल्ले से निकला जिन्होंने चाइनामैन स्पिनर कुलदीप यादव की गेंद को लॉन्ग-ऑफ एरिया में भेजा.

यशस्वी जायसवाल मुकेश कुमार की गेंद पर कॉट एंड बोल्ड हुए. 21 साल के यशस्वी ने 31 गेंदों पर 60 रन बनाए, जिसमें 11 चौके और एक छक्का शामिल रहा. फिर कप्तान संजू सैमसन (0) छक्का लगाने के प्रयास में कुलदीप की गेंद पर चलते बने. इन दो झटकों के बाद राजस्थान रॉयल्स की रन गति थोड़ी धीमी हुई.

Advertisement

हेटमेयर ने भी खेली तूफानी पारी

इस दौरान बटलर ने अक्षर पटेल पर मिडविकेट पर छक्का जड़कर अपना पचासा पूरा किया. इसके बाद टीम ने रियान पराग (07) का विकेट भी सस्ते में गंवा दिया. फिर बटलर और हेटमेयर ने पांचवें विकेट के लिये 29 गेंद में 49 रन जोड़े. बटलर को भी मुकेश कुमार ने कॉट एंड बोल्ड आउट किया. बटलर ने 51 गेंदों का सामना करते हुए 79 रन बनाए, जिसमें 11 चौके और एक छक्का शामिल रहा. शिमरॉन हेटमेयर ने 21 गेंदों पर 39 रनों की नाबाद पारी खेली, जिसमें चार छक्के शामिल थे. इसके चलते राजस्थान की टीम चार विकेट पर 199 रन बनाने में कामयाब रही.

 

TOPICS:
Advertisement
Advertisement