scorecardresearch
 

Indian Premier League: उमरान की पेस, ब्रूक-ग्रीन का धमाल... IPL में कोहराम मचाने को तैयार ये 10 उभरते सितारे

इंडियन प्रीमियर लीग के 16वें सीजन का आगाज 31 मार्च से होने जा रहा है. टूर्नामेंट का शुरुआती मुकाबला चेन्नई सुपर किंग्स और गुजरात टाइटन्स के बीच खेला जाएगा. इस बार के आईपीएल सीजन में कुछ उभरते सितारों पर दुनिया भर के क्रिकेट फैन्स की निगाहें होंगी. ये ऐसे प्लेयर हैं जिन्हें 'फ्यूचर ऑफ टी20 क्रिकेट' कहा जा रहा है.

Advertisement
X
उमरान मलिक और हैरी ब्रूक
उमरान मलिक और हैरी ब्रूक

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2023 की शुरुआत 31 मार्च (से होने जा रही है. 52 दिनों तक चलने वाली इस लुभावनी टी20 लीग में विराट कोहली, रोहित शर्मा, महेंद्र सिंह धोनी समेत कई दिग्गज खिलाड़ी अपना जलवा बिखेरने को तैयार हैं. 42 साल के होने जा रहे धोनी के लिए शायद यह आखिरी सीजन हो, ऐसे में वह खिताब जीतकर विदा लेना चाहेंगे. वहीं, किंग कोहली भी अपनी टीम के लिए पहली बार आईपीएल ट्रॉफी जीतने की कोशिश करेंगे.

इस सीजन में दिग्गज खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर तो सभी का ध्यान रहेगा ही... कुछ उभरते और नए खिलाड़ियों पर भी दुनियाभर के क्रिकेट फैन्स की निगाहें होंगी. ये ऐसे प्लेयर हैं, जिन्हें 'फ्यूचर ऑफ टी20 क्रिकेट' कहा जा रहा है. आइए ऐसे 10 उभरते हुए खिलाड़ियों पर नजर डालते हैं...

उमरान मलिक (सनराइजर्स हैदराबाद)- भारतीय टीम के धांसू फास्ट बॉलर उमरान मलिक अब किसी परिचय के मोहताज नहीं हैं. 23 साल के उमरान मलिक ने पिछले सीजन के दौरान पेस और बाउंस से विपक्षी बल्लेबाजों के होश उड़ा दिए थे. इस सीजन भी सनराइजर्स हैदराबाद को उमरान मलिक से दमदार प्रदर्शन करने की उम्मीद है. जम्मू-कश्मीर के इस तेज गेंदबाज ने पिछले सीजन में सनराइजर्स हैदराबाद के लिए सबसे ज्यादा 22 विकेट निकाले थे.

हैरी ब्रूक (सनराइजर्स हैदराबाद)- इंग्लिश क्रिकेटर हैरी ब्रूक पर आईपीएल 2023 की नीलामी में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने 13.25 करोड़ रुपये खर्च कर दिए थे. ऑक्शन से पहले शायद ही किसी को उम्मीद होगी कि ब्रूक को इतनी कीमत मिलेगी. दाएं हाथ के बल्लेबाज हैरी ब्रूक इंटरनेशनल क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करके बता दिया है कि उनपर इतनी रकम खर्च करना बनता था. 24 साल के ब्रूक ने टेस्ट क्रिकेट में भी तूफानी अंदाज दिखाया है और वह लगभग 99 के स्ट्राइक रेट से 809 रन बना चुके हैं.

Advertisement

क्लिक करें-  IPL में आज से मचेगा घमासान... जानें इस टी20 लीग से जुड़े हर सवाल का जवाब

तिलक वर्मा (मुंबई इंडियंस)- 20 साल के तिलक वर्मा ने आईपीएल के अपने डेब्यू सीजन में लाजवाब खेल दिखाया था. तिलक ने आईपीएल 2022 में मुंबई इंडियंस के लिए 14 मुकाबलों में 36.09 की औसत से 397 रन बनाए. बाएं हाथ के बैटर तिलक ने आईपीएल के बाद घरेलू क्रिकेट में शानदार खेल दिखाया है और इस आईपीएल सीजन में भी कोहराम मचाना चाहेंगे. क्रिकेट विशेषज्ञ तिलक वर्मा को टीम इंडिया का 'फ्यूचर स्टार' बता रहे हैं.

कैमरन ग्रीन (मुंबई इंडियंस)- ऑक्शन में कहर मचाने के बाद कैमरन ग्रीन मुंबई इंडियंस (MI) के लिए मैदान पर भी धमाल मचाने जा रहे हैं. ऑस्ट्रेलियाई के लिए इंटरनेशल क्रिकेट खेलने वाले कैमरन ग्रीन गेंद और बल्ले से मैच पलटने में माहिर हैं. भारत के खिलाफ हालिया बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी में भी कैमरन ग्रीन ने इस बात को साबित किया था. 23 वर्षीय ग्रीन इस सीजन में मुंबई के लिए बतौर बल्लेबाज टिम डेविड के साथ मिलकर फिनिशर का रोल निभा सकते हैं. आईपीएल 2023 की नीलाम में ग्रीन को खरीदने के लिए मुंबई इंडियंस ने 17.50 करोड़ रुपये खर्च किए थे.

अर्शदीप सिंह (पंजाब किंग्स)- बाएं हाथ के फास्ट बॉलर अर्शदीप सिंह ने अबतक शानदार प्रदर्शन किया है और वह पिछले साल टी20 इंटरनेशनल में भुवनेश्वर कुमार के बाद सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज रहे थे. बढ़िया प्रदर्शन के चलते अर्शदीप सिंह को हाल ही में बीसीसीआई की ओर से जारी कॉन्ट्रैक्ट लिस्ट में भी जगह मिली थी. अर्शदीप पावरप्ले के साथ-साथ डेथ ओवर्स में यॉर्कर डालने में माहिर हैं. पंजाब किंग्स (PBKS) को 24 साल के अर्शदीप सिंह से इस सीजन में भी अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद है. 

Advertisement

IPL Rising Stars

साई सुदर्शन (गुजरात टाइटन्स)- 21 साल के साई सुदर्शन की काबिलियत का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि उन्हें आईपीएल से ज्यादा रकम तमिलनाडु प्रीमियर लीग के ऑक्शन में मिली है. सुदर्शन की आईपीएल सैलरी 20 लाख रुपये है, जबकि टीएनपीएल ऑक्शन में उन्हें 21.60 लाख रुपये मिले. बाएं हाथ के बल्लेबाज सुदर्शन ने गुजरात टाइटंस के लिए पिछले सीजन में 5 मुकाबले खेलकर 145 रन बनाए थे. अबकी बार हार्दिक पंड्या की कप्तानी वाली टीम उन्हें ज्यादा मुकाबले में चांस दे सकती हैं.

नारायण जगदीशन (कोलकाता नाइट राइडर्स)- तमिलनाडु के विकेटकीपर बल्लेबाज नारायण जगदीशन आईपीएल के अंडर रेटेड प्लेयर्स में से एक रहे हैं. पिछले सीजन में जगदीशन चेन्नई सुपर किंग्स का हिस्सा थे, लेकिन उन्हें सिर्फ दो मुकाबलों में खेलने का मौका मिला. 27 साल के एन. जगदीशन फॉर्म में चल रहे हैं और उन्होंने विजय हजारे ट्रॉफी के पिछले सीजन में लगातार पांच शतक जड़कर काफी सुर्खियां बटोरीं. जगदीशन को आईपीएल 2023 की नीलामी में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने 90 लाख रुपये में खरीदा. नारायण जगदीशन के वेकटेंश अय्यर के साथ ओपनिंग करते नजर आ सकते हैं.

मुकेश कुमार (दिल्ली कैपिटल्स)- तेज गेंदबाज मुकेश कुमार पहली बार आईपीएल खेलने जा रहे हैं. आईपीएल 2023 की नीलामी में दिल्ली कैपिटल्स ने मुकेश कुमार को 5.50 करोड़ रुपये की भारी भरकम कीमत में खरीदा था. मुकेश कुमार का बेस प्राइस 20 लाख रुपये था, यानी उन्हें 27 गुणा ज्यादा रकम मिली. मुकेश अच्छी लेंथ से बाॉलिंग करने में माहिर हैं और डेथ ओवर्स में भी काफी कारगर होते हैं. 29 साल के मुकेश कुमार भारतीय टीम का हिस्सा रह चुके हैं, लेकिन उनका इंटरनेशनल डेब्यू अबतक नहीं हुआ है.

Advertisement

क्लिक करें- कैसा होगा इम्पैक्ट प्लेयर नियम? मैच के दौरान कब होगा टीम में बदलाव... जानिए सभी सवालों के जवाब

जोश लिटिल (गुजरात टाइटंस)- आयरलैंड के तेज गेंदबाज जोश लिटिल पर भी फैन्स की निगाहें रहने वाली हैं. हार्दिक पंड्या की कप्तानी वाली गुजरात टाइटंस (GT) को इस खिलाड़ी से काफी उम्मीदें हैं. आईपीएल 2023 की नीलामी में 23 साल के जोश लिटिल को गुजरात टीम ने 4 करोड़ 40 लाख रुपये में खरीदा था. आपको बता दें कि टी20 वर्ल्ड कप 2022 में लिटिल ने न्यूजीलैंड के खिलाफ यादगार हैट्रिक ली थी.

ऋतुराज गायकवाड़ (चेन्नई सुपर किंग्स) आईपीएल 2021 के ऑरेन्ज कैप विनर ऋतुराज गायकवाड़ ने पिछले सीजन में भी अपने बल्ले से जौहर दिखाया था और 26.29 के एवरेज से कुल 368 रन बनाए थे. 26 साल के ऋतुराज गायकवाड़ ने घरेलू क्रिकेट में महाराष्ट्र के लिए अच्छा प्रदर्शन किया है. विजय हजारे ट्रॉफी में उत्तर प्रदेश के खिलाफ मुकाबले में ऋतुराज ने एक ओवर में सात छक्के लगाए थे. चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) को आईपीएल 2023 में ऋतुराज से इसी तरह के धमाकेदार प्रदर्शन की उम्मीद होगी.

TOPICS:
Advertisement
Advertisement