भारत ने पाकिस्तान को एक बार फिर टी20 वर्ल्ड कप में करारी शिकस्त दी. कोलंबो के प्रेमदासा में टीम इंडिया ने पाकिस्तान को 61 रनों से पटखनी भी दी और फिर नो हैंडशेक का तमाचा भी जड़ा. बता दें कि इस मैच से पहले नो हैंडशेक की भी खूब चर्चा थी. यहां तक की बायकॉट ड्रामेबाजी में पाकिस्तान ने आईसीसी तक से ये मांग कर डाली थी.
लेकिन टॉस के दौरान भी कप्तान सूर्या ने पाकिस्तानी कप्तान सलमान आगा को इग्नोर किया और फिर जीत के बाद भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तानी प्लेयर्स से हाथ नहीं मिलाया. मैदान पर जीत का जश्न था, मगर दोनों टीमों ने कोई हाथ नहीं मिलाया.
भारतीय प्लेयर्स ने नहीं मिलाया हाथ
मैच खत्म होते ही भारतीय खिलाड़ी आपस में जीत का जश्न मनाते दिखे, जबकि पाकिस्तान के खिलाड़ी सीधे ड्रेसिंग रूम की ओर बढ़ गए. दोनों टीमों के बीच कोई सामूहिक हैंडशेक लाइन नहीं बनी. टॉस के दौरान भी कप्तानों के अलावा अन्य खिलाड़ियों के बीच सामान्य बातचीत या अभिवादन नजर नहीं आया.
बता दें कि इस मैच में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया था. भारत ने पाकिस्तान के सामने 176 रनों का लक्ष्य रखा था. इसके जवाब में उतरी पाकिस्तान की टीम 114 पर ही ढेर हो गई. इस जीत के साथ ही टीम इंडिया ने सुपर-8 के लिए भी क्वालिफाई कर लिया है.
यह भी पढ़ें: PAK कप्तान की एक गलती कैसे बन गई गेमचेंजर, कोलंबो विजय के बाद कप्तान सूर्या ने बताया सीक्रेट
एशिया कप से जारी है नो हैंडशेक पॉलिसी
भारत की पुरुष और महिला क्रिकेट टीम्स ने हालिया महीनों में पाकिस्तान के खिलाफ 'नो हैंडशेक' पॉलिसी अपनाई है. मेन्स एशिया कप 2025 में तो इसे लेकर काफी हल्ला मचा था. यह फैसला जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले और उसके बाद भारतीय सशस्त्र बलों की ओर से चलाए गए 'ऑपरेशन सिंदूर' के मद्देनजर लिया गया था.
मैदान पर भारत-पाकिस्तान मैचों का सिलसिला जारी रहा, लेकिन पारंपरिक हैंडशेक से दूरी बनाए रखी गई. एशिया कप के दौरान सूर्यकुमार यादव के द्वारा हैंडशेक से इनकार किए जाने के बाद पाकिस्तान ने नाराजगी जताई थी और कुछ समय के लिए बहिष्कार की चेतावनी भी दी थी. हालांकि बाद में पाकिस्तानी टीम ने टूर्नामेंट में भाग लेना जारी रखा.
बता दें कि ये मुकाबला शुरू होने से पहले भी हैंडशेक को लेकर काफी बयानबाजी हुई थी. भारतीय कप्तान से जब हैंडशेक को लेकर सवाल पूछा गया था तो उन्होंने कहा था कि आपको 24 घंटे का इंतजार करना चाहिए. वहीं, पाकिस्तानी कप्तान सलमान आगा ने कहा था कि वो चाहते हैं कि खेलभावना बनी रहे.
यही नहीं जब पाकिस्तान ने वर्ल्ड कप में भारत के साथ नहीं खेलने का ऐलान किया था तब भी हैंडशेक का मुद्दा उठा था. आईसीसी के सामने रखी शर्त में पाकिस्तान ने मांग की थी की भारतीय खिलाड़ी हैंडशेक करें. हालांकि, तब आईसीसी ने इसे खारिज कर दिया था और कहा था कि इसका फैसला भारतीय प्लेयर्स के हाथ में है. क्योंकि ये आईसीसी के दायरे में नहीं आता.