आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में भारतीय टीम ने इंग्लैंड को 7 रनों से हराया. मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में हुए इस मैच में अक्षर पटेल ने ऐसा कैच लिया, जिसकी जमकर चर्चा हो रही है. अक्षर पटेल ने हवा में उड़ते हुए बेहतरीन कैच लपककर इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक को पवेलियन भेज दिया.
पांचवें ओवर में जसप्रीत बुमराह ने पहली गेंद थोड़ी स्लोअर डाली, जिस पर हैरी ब्रुक ने बैकवर्ड प्वाइंट के ऊपर से शॉट लगाया. शॉट की टाइमिंग सही नहीं रही और अक्षर पटेल डीप प्वाइंट से पीछे की ओर भागे और फिर डाइव लगाकर अविश्वसनीय कैच पकड़ लिया. यह कैच फैन्स को टीम इंडिया के पूर्व कप्तान कपिल देव की याद दिला गया. कपिल देव ने 1983 वर्ल्ड कप के फाइनल वेस्टइंडीज के दिग्गज विवियन रिचर्ड्स का ऐतिहासिक कैच लिया था. तब भारत ने पहली बार क्रिकेट वर्ल्ड कप जीता था.
देखा जाए तो बूम बूम बुमराह की गेंद पर हैरी ब्रूक पूरी तरह गच्चा खा गए थे. उन्होंने जल्दी शॉट खेल दिया, निचला हाथ बल्ले से छूट गया और गेंद हवा में खड़ी हो गई, जिसके बाद अक्षर ने जादू दिखाया. ब्रुक 6 गेंदों में 7 रन बनाए. अक्षर पटेल यहीं नहीं रुके. उन्होंने विल जैक्स के विकेट में भी अहम योगदान दिया.
14वें ओवर में अर्शदीप सिंह की आखिरी गेंद पर विल जैक्स ने बड़ा शॉट खेलना चाहा, लेकिन गेंद बल्ले के निचले किनारे से लगकर डीप प्वाइंट की तरफ गई. अक्षर पटेल ने दौड़ते हुए बॉल को पकड़ा. हालांकि अक्षर ने इस दौरान संतुलन खो दिया लेकिन गेंद पर से ध्यान नहीं खोया. उन्होंने इसे सही समय पर शिवम दुबे की ओर उछाला. शिवम ने कैच लेने में कोई गलती नहीं की. जैक्स के आउट होने के बाद सूर्यकुमार यादव ने अक्षर को गले लगाकर इस शानदार क्षण का जश्न मनाया. इस कैच में टीमवर्क की झलक साफ दिखाई दी.
भारत ने इस मुकाबले में सात विकेट पर 253 रनों का स्कोर खड़ा किया. सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन ने 42 गेंदों पर 89 रनों की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 8 चौके और 7 छक्के शामिल रहे. दिलचस्प बात यह रही कि सैमसन 15 रन पर थे, जब ब्रुक ने उनका कैच छोड़ दिया. इसके बाद उन्होंने इंग्लैंड को इसकी भारी कीमत चुकाने पर मजबूर कर दिया.