आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 का पहला सेमीफाइनल बुधवार को साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड के बीच खेला गया. इस मैच में न्यूजीलैंड ने 9 विकेट से मुकाबला जीता और फाइनल का टिकट हासिल कर लिया. ये मुकाबला कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेला गया. जहां न्यूजीलैंड की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया था. साउथ अफ्रीका ने न्यूजीलैंड के सामने 170 रनों का लक्ष्य रखा था. इसके जवाब में उतरी न्यूजीलैंड ने 13वें ओवर में ही इसे चेज कर लिया.
फिन एलन ने नाबाद तूफानी शतक लगाया. सीफर्ट ने भी फिफ्टी जड़ी. साउथ अफ्रीका की टीम एक बार फिर आईसीसी खिताब के नॉकआउट मुकाबलों में चोक कर गई. इस महाजीत के साथ ही न्यूजीलैंड की टीम 8 मार्च को अहमदाबाद में होने वाले फाइनल के लिए क्वालिफाई कर गई. उसका मुकाबला गुरुवार को भारत और इंग्लैंड के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल की विजेता टीम से होगा.
दिलचस्प बात ये है कि साउथ अफ्रीका ने सुपर-8 के मैच में बिना किसी हार के सेमीफाइनल में जगह बनाई थी. वहीं, न्यूजीलैंड की टीम किस्मत के सहारे सेमीफाइनल में पहुंची थी. उसका नेट रन रेट पाकिस्तान से अच्छा था. इस वजह से उसने सेमीफाइनल में जगह बनाई थी. लेकिन किस्मत के सहारे सेमीफाइनल में पहुंचने वाली न्यूजीलैंड अब फाइनल में पहुंच गई है और साउथ अफ्रीका चोक कर गई.
ऐसी रही न्यूजीलैंड की बैटिंग
170 रनों के जवाब में उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत बेहद दमदार रही. टिम सीफर्ट और फिन एलन ने दमदार शुरुआत की और पहले विकेट के लिए 117 रनों की साझेदारी हुई. पहला विकेट 10वें ओवर में गिरा. लेकिन तब तक न्यूजीलैंड ने मैच अपने कब्जे में रख लिया था. इसके बाद रचिन रविंद्र ने पारी को संभाला और उन्होंने एलन का बखूबी साथ दिया.
न्यूजीलैंड ने साउथ अफ्रीका का ये टोटल 13वें ओवर में ही चेज कर लिया. फिन एलन ने नाबाद 33 गेंदों में शतक जड़ा. अपनी पारी में उन्होंने 10 चौके और 8 छक्के लगाए.
ऐसी रही साउथ अफ्रीका की बल्लेबाजी
पहले बल्लेबाजी के लिए उतरी साउथ अफ्रीका की शुरुआत अच्छी नहीं रही. दूसरे ही ओवर में डिकॉक का विकेट गिर गया. तब साउथ अफ्रीका का स्कोर केवल 12 रन था. इसके बाद रिकल्टन बिना खाता खोले ही गोल्डन डक पर आउट हुए. इसके बाद साउथ अफ्रीकी बल्लेबाजों के विकेटों का पतन जारी रहा. लेकिन आखिरी ओवरों में मार्को जानसेन ने फिफ्टी लगाई जिसके दम पर साउथ अफ्रीका ने न्यूजीलैंड के सामने 169 रन बना डाले. न्यूजीलैंड की ओर से मैट हेनरी, रचिन रविंद्र और कोल को 2-2 सफलता मिली.
न्यूजीलैंड (प्लेइंग इलेवन): टिम सीफर्ट, फिन एलन, रचिन रविंद्र, ग्लेन फिलिप्स, मार्क चैपमैन, डैरिल मिचेल, जेम्स नीशम, मिचेल सैंटनर, कोल मैककॉन्ची, मैट हेनरी, लॉकी फर्ग्यूसन
दक्षिण अफ्रीका (प्लेइंग इलेवन): एडन मार्करम, क्विंटन डी कॉक, रयान रिकेल्टन, डेवाल्ड ब्रेविस, डेविड मिलर, ट्रिस्टन स्टब्स, मार्को जानसेन, कॉर्बिन बॉश, कगिसो रबाडा, केशव महाराज, लुंगी एनगिडी.