आईसीसी वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप 2023 की शुरुआत 5 अक्टूबर से होने जा रही है. वर्ल्ड कप के आगाज से पहले सभी 10 टीमों को दो-दो अभ्यास मैच खेलने हैं. इसी कड़ी में 29 सितंबर (शुक्रवार) को कुल तीन वॉर्म-अप मुकाबले निर्धारित थे, जिसमें दो ही खेले जा सके. जहां पाकिस्तान को न्यजीलैंड के खिलाफ पांच विकेट से हार झेलनी पड़ी, वहीं बांग्लादेश ने श्रीलंका को सात विकेट से हरा दिया. जबकि साउथ अफ्रीका और अफगानिस्तान का मुकाबला बारिश के चलते रद्द कर दिया गया.
बांग्लादेश ने श्रीलंका को ऐसे किया चित
वर्ल्ड कप का पहला वॉर्म-अप मुकाबला बांग्लादेश और श्रीलंका के बीच गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में हुआ. इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंकाई टीम 49.1 ओवरों में 263 रनों पर सिमट गई. पथुम निसंका ने आठ चौके और एक सिक्स की मदद से 64 गेंदों पर 68 रन बनाए. वहीं धनंजय डिसिल्वा ने 79 गेंदों पर 55 रनों की पारी खेली. बांग्लादेश की ओर से महेदी हसन ने सबसे ज्यादा तीन खिलाड़ियों को आउट किया.
264 रनों के टारगेट को बांग्लादेश ने 48 गेंद बाकी रहते तीन विकेट खोकर हासिल कर लिया. ओपनर बल्लेबाजों तंजीद हसन और लिटन दास ने मिलकर जीत की बुनियाद रखी. तंजीद और लिटन ने पहले विकेट के लिए 131 रन जोड़े. तंजीद ने 10 चौके और दो छक्के की मदद से 84 रन बनाए, वहीं लिटन ने 61 रनों की पारी में 10 चौके उड़ाए. बाद में मेहदी हसन और मुश्फिकुर रहीम ने शानदार बल्लेबाजी करके बांग्लादेश को आसान जीत दिला दी. मिराज 67 और रहीम 35 रन बनाकर नाबाद लौटे.
Bangladesh have romped home to a dominant win against Sri Lanka in the warm-up game in Guwahati 🤩 | | 📝:
— ICC (@ICC)
दूसरा वॉर्म-अप मैच साउथ अफ्रीका और अफगानिस्तान के बीच तिरुवनंतपुरम में होना था. हालांकि यह मुकाबला बारिश के चलते रद्द कर दिया गया. बारिश इतनी तेज हो रही थी कि टॉस तक नहीं हो पाया. इस मुकाबले के धुलने का मतलब ये हुआ कि अब इन दोनों टीमों को वर्ल्ड कप से पहले प्रैक्टिस के लिए सिर्फ एक मैच मिलेगा. साउथ अफ्रीका अपने दूसरे प्रैक्टिस मैच में न्यूजीलैंड से, जबकि अफगानिस्तान की टीम श्रीलंका से भिड़ेगी.
रवींद्र-चैपमैन के आगे पाकिस्तान ने टेके घुटने
तीसरा एवं आखिरी वॉर्म-अप मुकाबला पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में हुआ. इस मुकाबले में पाकिस्तान टीम ने पहले बैटिंग करते हुए पांच विकेट पर 345 रन बनाए थे. विकेटकीपर मोहम्मद रिजवान ने शानदार शतक लगाते हुए 94 गेंदों पर 103 रन बनाए. रिजवान ने अपनी पारी में 9 चौके और दो छक्के लगाए. वहीं बाबर आजम ने 84 गेंदों पर 80 रन बनाए, जिसमें आठ चौके और दो सिक्स शामिल रहे. सऊद शकील ने भी पांच चौके और चार छक्के की मदद से 53 गेंदों पर 75 रनों की तूफानी पारी खेली.
What a run chase! 👌
— ICC (@ICC)
New Zealand start their preparations with a stunning win over Pakistan in Hyderabad 👏 | | 📝:
345 रनों के टारगेट को न्यूजीलैंड ने 44वें ओवर में हासिल कर लिया. ओपनिंग करने उतरे रचिन रवींद्र ने 72 गेंदों पर 97 रन बनाए, जिसमें 16 चौके और एक सिक्स शामिल रहा. वहीं डेरिल मिचेल ने तीन चौके और दो छक्के की मदद से 59 और केन विलियमसन ने 54 रन (आठ चौके) बनाए. मार्क चैपमैन 65 रन बनाकर नाबाद रहे. चैपमैन ने अपनी पारी में छह चौके और तीन छक्के लगाए.
कौन हैं रचिन रवींद्र?
23 साल के रचिन रवींद्र भारतीय मूल के क्रिकेटर हैं. रवींद्र के पिता आर. कृष्णमूर्ति 90 के दशक में अपने काम के सिलसिले में न्यूजीलैंड चले गए थे वहीं रचिन रवींद्र का जन्म हुआ. रचिन को आगे आने वाले समय का सितारा माना जा रहा है. रचिन ने 2016 और 2018 में न्यूजीलैंड के लिए अंडर-19 विश्व कप में भी हिस्सा लिया और शानदार प्रदर्शन किया था. रचिन ने सितंबर 2021 में बांग्लादेश के खिलाफ अपना अंतरराष्ट्रीय पदार्पण किया था. न्यूजीलैंड की टीम को वर्ल्ड कप में ऑराउंडर से काफी उम्मीदे हैं. भारतीय पिचों पर वह अपनी स्पिन बॉलिंग से भी विपक्षी टीमों के लिए मुसीबत बन सकते हैं.