न्यूजीलैंड ने भारत के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज के लिए अपनी टीम की घोषणा कर दी है. 15 सदस्यीय टीम में कप्तान केन विलियमसन और अनुभवी तेज गेंदबाज टिम साउदी शामिल नहीं हैं. दोनों खिलाड़ियों को न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड (NZC) ने आराम देने का फैसला किया है. केन विलियमसन और टिम साउदी की अनुपस्थिति में टीम की कप्तानी मिचेल सेंटनर को सौंपी गई है. मिचेल सेंटनर ने पाकिस्तान के खिलाफ दूसरे वनडे मैच में कमाल का खेल दिखाया था. तीन मैचों की टी20 सीरीज 27 जनवरी से शुरू हो रही है.
बेन लिस्टर की पहली बार टीम में एंट्री
बाएं हाथ के मध्यम गति के तेज गेंदबाज बेन लिस्टर और हेनरी शिपले को तीन मैचों की इस टी20 सीरीज के लिए टीम में सेलेक्ट किया गया है. वहीं ओटागो वोल्ट्स के स्पिन ऑलराउंडर माइकल रिपन को भी टीम में जगह मिली है. रिपन ने पिछले साल के यूरोपीय दौरे पर स्कॉटलैंड के खिलाफ पदार्पण किया था, जिसके बाद वह टीम से बाहर थे. न्यूजीलैंड की पुरुष टीम के चयनकर्ता गेविन लार्सन ने कहा कि लिस्टर ने सभी प्रारूपों में अपने स्किल से प्रभावित किया है जिसके चलते उन्हें पहली बार टीम में चुना गया.
Our T20 Squad to face India in 3 T20Is starting later this month in Ranchi! Congratulations to @aucklandcricket's Ben Lister and @CanterburyCrick's Henry Shipley on being selected in a BLACKCAPS T20 Squad for the first time. More | https://t.co/bwMhO2Zb76 #INDvNZ pic.twitter.com/jFpWbGPtGx
— BLACKCAPS (@BLACKCAPS) January 12, 2023
गेविन लार्सन ने कहा, 'बेन लिस्टर ने ऑकलैंड के लिए रेड और व्हाइट बॉल क्रिकेट में काफी शानदार प्रभाव डाला है. 2017 में डेब्यू करने के बाद वह टी20 और लिस्ट-ए क्रिकेट में एसेस के अग्रणी विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं. बाएं हाथ के गेंदबाज के रूप में गेंद को काफी स्विंग कराने की उनकी क्षमता विशेष रूप से रोमांचित करने वाली है.'
क्लिक करें- दूसरा वनडे जीतकर भारत ने ऑस्ट्रेलिया की बराबरी की, श्रीलंका के नाम अब ये शर्मनाक रिकॉर्ड
लार्सन ने मिचेल सेंटनर की भी तारीफ की जिन्होंने टी20 टीम के कप्तान के रूप में अपने पिछले असाइनमेंट में काफी प्रभावित किया था. लार्सन ने कहा, 'मिच हमारी व्हाइट गेंद टीम्स के लीडर में से हैं और इससे पहले भारत में टी20 टीम की कप्तानी कर चुके हैं. भारतीय परिस्थितियों में उनका अनुभव इस समूह का नेतृत्व करने के लिए शानदार रहेगा.' काइल जेमिसन, मैट हेनरी (पेट) और एडम मिल्ने और बेन सियर्स इंजरी के चलते टी20 सीरीज में चयन के लिए उपलब्ध नहीं थे.
भारत के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए न्यूजीलैंड की टीम: मिचेल सेंटनर (कप्तान), फिन एलन, माइकल ब्रेसवेल, मार्क चैपमैन, डेन क्लीवर, डेवोन कॉन्वे, जैकब डफी, लॉकी फर्ग्यूसन, बेन लिस्टर, डेरिल मिचेल, ग्लेन फिलिप्स, माइकल रिपन, हेनरी शिपले, ईश सोढ़ी, ब्लेयर टिकनर.
न्यूजीलैंड का भारत दौरा (फुल शेड्यूल):
पहला वनडे- 18 जनवरी, हैदराबाद
दूसरा वनडे- 21 जनवरी, रायपुर
तीसरा वनडे - 24 जनवरी, इंदौर
पहला टी20- 27 जनवरी, रांची
दूसरा टी20- 29 जनवरी, लखनऊ
तीसरा टी20- 1 फरवरी, अहमदाबाद