आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 के बीच पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर अपने बयानों को लेकर सुर्खियां बटोर रहे हैं. हाल ही में आमिर ने भारतीय टीम के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा को स्लॉगर (बल्ले से खेलने वाला) बताया था. आमिर का मानना था कि अभिषेक सिर्फ बल्ला घुमाते हैं. आमिर ने कहा था कि अभिषेक का दिन होने पर वो बड़ी इनिंग्स खेल सकते हैं, लेकिन तकनीकी रूप से और मजबूत होने की जरूरत है.
सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम इंडिया ने अब तक मौजूदा टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया है. अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में नीदरलैंड्स को हराकर भारत ने मौजूदा टूर्नामेंट में लगातार चौथी जीत हासिल की और टॉप पर रहते हुए सुपर-8 में जगह बनाई. हालांकि, कुछ मुकाबलों में टीम इंडिया का बल्लेबाजी क्रम संघर्ष करता नजर आया है. अभिषेक शर्मा अभी तक खाता भी नहीं खोल पाए हैं और तीन बार शून्य पर आउट हो चुके हैं. मध्यक्रम भी अपेक्षित स्थिरता नहीं दिखा सका है. इसी प्रदर्शन को आधार बनाते हुए आमिर ने कहा कि भारत की बल्लेबाजी दबाव में बिखर सकती है.
यह भी पढ़ें: इस T20 लीग से आउट होंगे पाकिस्तानी खिलाड़ी! IPL फ्रेंचाइजीज ने उठाया बड़ा कदम
देखा जाए तो मोहम्मद आमिर ने पूरी भारतीय टीम की बल्लेबाजी पर सवाल खड़े किए हैं. 'हारना मना है' शो में बातचीत के दौरान आमिर ने कहा कि सुपर-8 चरण में मुकाबले और कठिन होंगे. उनके मुताबिक, जिस तरह साउथ अफ्रीका और वेस्टइंडीज खेल रहे हैं, वे किसी भी टीम को चुनौती दे सकते है. जब उनसे ग्रुप-1 से सेमीफाइनल में पहुंचने वाली टीमों के नाम पूछे गए तो उन्होंने साउथ अफ्रीका और वेस्टइंडीज का चयन किया, जबकि भारत को बाहर रखा.
मोहम्मद आमिर ने कहा, 'अगर आप देखें तो पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले को छोड़ दें, बाकी सभी मैचों में उनकी बल्लेबाजी ढह गई. सुपर-8 मुकाबलों में दबाव और बढ़ेगा. जिस तरह साउथ अफ्रीका और वेस्टइंडीज खेल रहे हैं, वे किसी भी टीम को हरा सकते हैं.'
भारत 22 फरवरी को अहमदाबाद में साउथ अफ्रीका के खिलाफ अपना सुपर-8 अभियान शुरू करेगा. इसके बाद 26 फरवरी को चेन्नई में जिम्बाब्वे से मुकाबला होगा, जिसकी कप्तानी सिकंदर रजा कर रहे हैं. भारत का आखिरी सुपर-8 मैच 1 मार्च को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में वेस्टइंडीज के खिलाफ निर्धारित है.
दूसरे ग्रुप में पाकिस्तान, न्यूजीलैंड, इंग्लैंड और श्रीलंका सेमीफाइनल की दो जगहों के लिए भिड़ेंगे. मोहम्मद आमिर ने ग्रुप-2 से पाकिस्तान और न्यूजीलैंड को अंतिम चार में पहुंचने का दावेदार बताया है. सुपर-8 चरण की शुरुआत 21 फरवरी को कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के मैच से होगी, अब नजरें इस बात पर रहेंगी कि मैदान पर किसकी भविष्यवाणी सच साबित होती है...