Kalsarp Yog 2026: ज्योतिष शास्त्र के मुताबिक, जिस तरह से कालसर्प दोष महत्वपूर्ण होता है उसी तरह कालसर्प योग भी खास है. कालसर्प योग का निर्माण तब होता है जब सभी ग्रह राहु और केतु के बीच आ जाते हैं. यानी ये दोनों छाया ग्रह बाकी ग्रहों को अपने घेरे में घेर लेते हैं. द्रिक पंचांग के अनुसार, 11 मई को ऐसा ही एक योग बनने जा रहा है, जब राहु कुंभ राशि में और केतु सिंह राशि में रहेंगे. और बाकी सभी ग्रह इनके बीच स्थित होंगे. यह स्थिति 26 मई तक बनी रहेगी यानी 15 दिनों तक बनी रहेगी.
मान्यता है कि कालसर्प योग के बनने से कुछ राशियों को जीवन में उतार-चढ़ाव, तनाव या बाधाओं का सामना करना पड़ सकता है. ऐसे में जरूरी है कि समय रहते इसके प्रभाव और उससे जुड़े उपायों को समझ लिया जाए, ताकि नकारात्मक असर को कम किया जा सके.
वृषभ राशि
कालसर्प योग के प्रभाव से वृषभ राशि वालों के लिए यह समय थोड़ा चुनौतीपूर्ण रह सकता है. कार्यस्थल पर विरोधी सक्रिय हो सकते हैं, इसलिए हर कदम सोच-समझकर उठाना जरूरी होगा. मेहनत का पूरा परिणाम तुरंत नहीं मिलेगा, जिससे मन उदास हो सकता है. पैसों से जुड़े मामलों में 26 मई तक खास सावधानी रखें. साथ ही, जिनके बच्चे हैं उन्हें उनकी सेहत पर ध्यान देना चाहिए.
कर्क राशि
11 मई से बनने वाला यह योग कर्क राशि वालों के लिए मानसिक दबाव बढ़ा सकता है. इस दौरान अनजाना डर और चिंता परेशान कर सकती है. नौकरी और कामकाज में भी सतर्क रहने की जरूरत है, क्योंकि छोटी-सी बात विवाद का कारण बन सकती है. परिवार में शांति बनाए रखने के लिए अपनी बात सोच-समझकर कहें और गुस्से पर काबू रखें.
वृश्चिक राशि
वृश्चिक राशि के लोगों को इस समय घर-परिवार से जुड़े फैसले बहुत समझदारी से लेने होंगे, क्योंकि एक गलत निर्णय सबको प्रभावित कर सकता है. अचानक खर्च बढ़ सकते हैं, जिससे बजट बिगड़ सकता है. बाहर जाते समय और वाहन चलाते वक्त सावधानी रखें. अनजान लोगों पर भरोसा करने से बचें और सेहत को लेकर लापरवाही न करें.
कुंभ राशि
कुंभ राशि वालों को इस दौरान पैसों के मामले में ज्यादा सतर्क रहने की जरूरत है. छोटी गलती भी नुकसान करा सकती है. जो काम बनते नजर आ रहे हैं, उनमें रुकावट आ सकती है, इसलिए धैर्य रखना जरूरी है. निवेश करने से पहले अच्छे से सोच-विचार करें. साथ ही पेट और गले से जुड़ी परेशानी हो सकती है, इसलिए खानपान और स्वास्थ्य का खास ध्यान रखें.