Happy Diwali 2021: आज देशभर में दीपावली का त्योहार मनाया जा रहा है. इस दिन लोग सुबह उठकर घर की साफ-सफाई करते हैं और उसे फूल, रंगोली और दीयों से सजाते हैं. शाम के वक्त मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की पूजा की जाती है. लेकिन क्या आप जानते हैं दीपावली के दिन कुछ अशुभ कार्यों से बचना चाहिए. ये निषेध कार्य करने से घर के सदस्यों पर मां लक्ष्मी की कृपा नहीं होती है.
देर से जागने की गलती- दिवाली के दिन सुबह देर तक सोते ना रह जाएं. जल्दी उठें और पूजा-पाठ करें. दिवाली के दिन नाखून काटना, शेविंग जैसे कार्य नहीं किए जाते हैं.
मूर्ति स्थापना- मूर्तियों को एक निश्चित क्रम में रखें. बाएं से दाएं भगवान गणेश, लक्ष्मी जी, भगवान विष्णु, मां सरस्वती और मां काली की मूर्तियां रखें. इसके बाद लक्ष्मण जी, श्रीराम और मां सीता की मूर्ति रखें.
पूजा के समय शोर- लक्ष्मी की पूजा के समय तालियां नहीं बजानी चाहिए. आरती बहुत तेज आवाज में नहीं गाएं. कहा जाता है कि मां लक्ष्मी शोर से घृणा करती हैं. मां लक्ष्मी शांति प्रिय हैं, इसलिए परिवार के सदस्यों के बीच झगड़ा नहीं होना चाहिए. लक्ष्मी मां की अकेले पूजा ना करें. भगवान विष्णु के बिना उनका पूजन अधूरा माना जाता है.
बिखरा हुआ घर- दिवाली की पूजा के बाद पूजा कक्ष को बिखरा हुआ ना छोड़ दें. पूरी रात एक दीया जलाए रखें और उसमें घी डालते रहें. मां लक्ष्मी वहां वास करती हैं जहां सच्चाई, दया और गुण होते हैं. साफ-सफाई का विशेष ख्याल रखें.
किस दिशा में करें पूजा- उत्तर-पूर्व दिशा में पूजा कक्ष होना चाहिए. घर के सभी सदस्यों को पूजा के दौरान उत्तर की ओर मुंह करके बैठना चाहिए. पूजा के दीए को घी से जलाएं. दीये 11, 21 या 51 की गिनती में होने चाहिए.
भगवान गणेश की सूंड- गणेश भगवान की ऐसी मूर्ति पूजा कक्ष में ना रखें जिसमें वह बैठी हुई मुद्रा में ना हों और उनकी सूंड दायीं तरफ ना हो. ज्यादा से ज्यादा लाल रंग का प्रयोग करें. दीया, कैंडल्स, लाइट्स और लाल रंग के फूलों का इस्तेमाल करें. दिवाली पूजा की शुरुआत विघ्नकर्ता भगवान गणेश की पूजा के साथ करें.
मांस-मदिरा पान का सेवन- दिवाली के दिन मांस और शराब-धूम्रपान इत्यादि से दूर रहना चाहिए. इस दिन हो सके तो सात्विक भोजन ग्रहण करें.