राजस्थान की राजधानी जयपुर में दिनदहाड़े चाकू की नोंक पर लूट की वारदात ने लोगों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं. मानसरोवर थाना क्षेत्र में मंदिर जा रही एक महिला को बदमाश ने बीच रास्ते रोक लिया और चाकू दिखाकर उसके गले से सोने की चेन छीन ली. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी गलियों का फायदा उठाकर फरार हो गया.
पूरी घटना इलाके में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है. फुटेज में आरोपी महिला का काफी देर तक पीछा करता दिखाई देता है. पुलिस अब इसी फुटेज के आधार पर उसकी पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है.
यह भी पढ़ें: जयपुर डॉक्टरों का चमत्कार: गर्लफ्रेंड ने काट दिया था प्राइवेट पार्ट, डॉक्टरों ने वापस जोड़ा
घटना शनिवार की है. 57 वर्षीय भावना अपने घर से मंदिर जाने के लिए निकली थीं. रास्ते में उन्होंने गाय को रोटी खिलाई और फिर मंदिर की ओर बढ़ने लगीं. इसी दौरान एक युवक लगातार उनका पीछा करता रहा और सुनसान जगह मिलते ही वारदात को अंजाम दे दिया.
चाकू दिखाकर गले से तोड़ी सोने की चेन
पुलिस के मुताबिक, बैंक ऑफ इंडिया वाली गली के पास पहुंचते ही आरोपी ने अचानक महिला को पकड़ लिया. इससे पहले कि वह कुछ समझ पातीं, बदमाश ने चाकू दिखाकर उन्हें धमकाया और गले पर झपट्टा मारकर सोने की चेन तोड़ ली.
वारदात इतनी तेजी से हुई कि महिला को संभलने तक का मौका नहीं मिला. चेन छीनने के बाद आरोपी दौड़ते हुए वहां से भाग निकला. हालांकि महिला ने हिम्मत नहीं हारी और उसका पीछा करते हुए शोर मचाया, लेकिन बदमाश गलियों में घुसकर फरार हो गया.
दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में दहशत का माहौल है. स्थानीय लोगों का कहना है कि व्यस्त इलाके में इस तरह की घटना होना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है.
CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश
घटना की सूचना मिलते ही मानसरोवर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी. जांच के दौरान पुलिस को वारदात की पूरी रिकॉर्डिंग मिल गई.
फुटेज में आरोपी महिला का पीछा करते हुए और वारदात को अंजाम देकर भागते हुए साफ दिखाई दे रहा है. पुलिस का मानना है कि CCTV के आधार पर जल्द ही आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है. अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा.