scorecardresearch
 

तेज धमाके के साथ फटा टायर, जयपुर-दिल्ली हाईवे पर पलटी स्लीपर बस, 24 लोग घायल, Video

जयपुर-दिल्ली नेशनल हाईवे पर पावटा कस्बे के पास सवारियों से भरी एक स्लीपर बस टायर फटने के बाद अनियंत्रित होकर पलट गई. हादसे में करीब 24 यात्री घायल हो गए. बस दिल्ली से जयपुर जा रही थी. हादसे के बाद ग्रामीणों ने बस के शीशे तोड़कर यात्रियों को बाहर निकाला. सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया और यातायात सुचारू कराया.

Advertisement
X
दिल्ली से जयपुर जा रही थी बस.(Photo: Screengrab)
दिल्ली से जयपुर जा रही थी बस.(Photo: Screengrab)

जयपुर-दिल्ली नेशनल हाईवे पर रविवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया. जयपुर के पावटा कस्बे के पास चूना फैक्ट्री के नजदीक सवारियों से भरी एक स्लीपर बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई. हादसा इतना भयावह था कि पलभर में मौके पर चीख-पुकार मच गई और यात्रियों में अफरा-तफरी फैल गई.

हादसे में करीब 24 यात्री घायल हो गए. राहत की बात यह रही कि इतने खतरनाक हादसे के बावजूद किसी यात्री की मौत नहीं हुई. घटना के बाद आसपास के लोगों में भी दहशत का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए.

यह भी पढ़ें: जयपुर में LPG संकट से ऑटो चालकों में हाहाकार... गैस भरवाने के लिए सड़कों पर लगी कतारें

टायर फटने से अनियंत्रित हुई बस

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस दिल्ली से जयपुर की ओर जा रही थी. जैसे ही बस पावटा के पास चूना फैक्ट्री के नजदीक पहुंची, अचानक तेज धमाके के साथ बस का एक टायर फट गया. तेज रफ्तार में चल रही बस का संतुलन बिगड़ गया और चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका.

इसके बाद बस डिवाइडर से टकराते हुए पलट गई. हादसे की जोरदार आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और होटल कर्मी तुरंत मौके पर दौड़ पड़े. बस पलटने के बाद अंदर फंसे यात्रियों की चीख-पुकार से माहौल दहशत भरा हो गया.

Advertisement

ग्रामीणों ने शीशे तोड़कर यात्रियों को निकाला

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने मानवता की मिसाल पेश की. ग्रामीणों ने बिना देर किए बस के शीशे तोड़कर अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकालना शुरू किया. कई यात्री बस के अंदर फंसे हुए थे, जिन्हें काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया.

देखें वीडियो...

स्थानीय लोगों ने घायलों को निजी वाहनों और एंबुलेंस की मदद से पावटा के उपजिला अस्पताल पहुंचाया, जहां सभी घायलों का इलाज जारी है. इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने राहत कार्य में पुलिस और प्रशासन की भी मदद की.

पुलिस पहुंची मौके पर, जांच शुरू

हादसे की सूचना मिलते ही प्रागपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया. पुलिस ने क्रेन की मदद से पलटी हुई बस को सीधा करवाया और हाईवे पर बाधित यातायात को दोबारा सुचारू कराया.

इस हादसे के कारण कुछ समय के लिए हाईवे पर लंबा जाम भी लग गया. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है. हालांकि राहत की बात यह रही कि इतने बड़े हादसे के बावजूद किसी भी यात्री की जान नहीं गई.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement