उत्तर प्रदेश व हरियाणा के बाद अब राजस्थान के भिवाड़ी स्थित चौपांकी औद्योगिक क्षेत्र के सुप्राजीत इंजीनियरिंग लिमिटेड कंपनी में कर्मचारियों द्वारा वेतन बढ़ोतरी की मांग को लेकर प्रदर्शन करने का मामला सामने आया है. सड़क पर उतरे श्रमिकों का जब प्रदर्शन उग्र होने लगा तो उनको हटाने के लिए पुलिस ने बल प्रयोग किया व डंडे बरसाए. इस दौरान कुछ युवाओं को हिरासत में लिया गया है.
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि लगातार वार्ताओं का दौर जारी है. श्रमिकों का प्रतिनिधिमंडल औद्योगिक इकाई के प्रबंधन से बात कर रहा है और जल्द ही उनकी समस्या का समाधान निकाला जाएगा. भिवाड़ी के एडिशनल एसपी अतुल साहू ने बताया कि भिवाड़ी के पथरेडी स्थित चौपानगी औद्योगिक क्षेत्र स्थित सुप्राजीत लिमिटेड औद्योगिक इकाई में केवल बनाने का काम होता है.
यह भी पढ़ें: '15 हजार देते हैं, 25 बताते हैं और 250 बढ़ाते हैं...', कर्मचारियों ने खोली नोएडा में कंपनियों की पोल
पुलिस ने कुछ युवकों को लिया हिरासत में
कंपनी में काम करने वाले श्रमिक वेतन बढ़ोतरी की मांग को लेकर सुबह अचानक धरने पर बैठ गए. इस दौरान कुछ श्रमिक धरना स्थल से उठकर सड़क पर आने लगे और सड़क जाम करने लगे. इसकी जानकारी मिलते ही पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे. जिसके बाद पुलिसकर्मियों ने उनको समझाने का प्रयास किया. पुलिस ने उनको जाम लगाने से रोका. इस दौरान हंगामा कर रहे कुछ युवाओं को हिरासत में लिया गया है.
प्रदर्शन कर रहे श्रमिकों का प्रतिनिधिमंडल औद्योगिक इकाई प्रशासन से बातचीत कर रहा है. लगातार बातचीत का दौर जारी है. स्थिति को देखते हुए भारी सुरक्षा बल को मौके पर तैनात किया गया है. वहीं सड़क पर बैठे श्रमिकों को हटाने के लिए पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया व डंडे बरसाए. इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने इस घटना के वीडियो बनाए तो इस पर पुलिस कर्मी उनसे बहस करते हुए भी दिखाई दिए.
मौके पर भारी पुलिस बल है तैनात
घटना के बाद से मौके पर तनाव के हालत बने हुए है. फिलहाल भारी पुलिस बल मौके पर तैनात है. वहीं श्रमिकों पर डंडे बरसाने का वीडियो भी सामने आया है और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. पुलिस जब कुछ युवकों को हिरासत में लेने लगी, तो महिलाओं ने इसका विरोध किया.
इस दौरान पुलिस और महिलाओं के बीच भी हल्की धक्का मुक्की व हाथापाई हुई. मौके पर तनाव की हालत बने हुए है. बड़ी संख्या में पुलिस बल भी मौके पर तैनात किया गया है. पुलिस अधिकारियों ने पुलिस द्वारा किसी भी तरह की जबरदस्ती व बल प्रयोग की घटना से इनकार किया है.