पश्चिम बंगाल की राजनीति में तृणमूल कांग्रेस के भीतर चल रही खींचतान अब खुलकर सामने आने लगी है. टीएमसी सांसद काकोली घोष ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र भेजकर पार्टी सांसद कल्याण बनर्जी के खिलाफ औपचारिक शिकायत दर्ज करने की अनुमति मांगी है. उन्होंने आरोप लगाया कि संसद के भीतर उनके साथ अभद्र व्यवहार और अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया. काकोली घोष का कहना है कि इस तरह का रवैया केवल उनके प्रति ही नहीं, बल्कि अन्य महिला सांसदों के साथ भी अपनाया गया.