मध्य प्रदेश के ग्वालियर देहात से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां शादी की खुशियां अचानक हिंसा में बदल गईं. मामला आरोन थाना क्षेत्र के पटाई गांव का है, जहां 30 मार्च को एक शादी के बाद दूल्हे के परिवार पर हमला कर दिया गया. इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है और लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गई है.
जानकारी के अनुसार, महेश जाटव की शादी के बाद दुल्हन अपने ससुराल पहुंची थी. घर में खुशियों का माहौल था और परिवार के लोग व रिश्तेदार एक साथ बैठकर खाना खा रहे थे. इसी दौरान गांव के कुछ लोग वहां पहुंचे और शराब पीने के लिए पैसे मांगने लगे. जब परिवार ने पैसे देने से मना कर दिया, तो मामला अचानक बिगड़ गया.
आरोप है कि पैसे नहीं मिलने पर आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और देखते ही देखते स्थिति हिंसक हो गई. हमलावरों ने दूल्हे की मां, परिवार के अन्य सदस्यों और यहां तक कि नई नवेली दुल्हन के साथ भी मारपीट की. इस घटना से घर में अफरा-तफरी मच गई और शादी का माहौल पूरी तरह से खराब हो गया.
दुल्हन समेत परिवार के लोगों से की गई मारपीट
पीड़ित पक्ष का कहना है कि हमलावरों ने सिर्फ मारपीट ही नहीं की, बल्कि घर में रखे सामान और नकदी भी लूट ली. घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद और बढ़ गया. मौके पर मौजूद मेहमानों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था.
दूल्हे की मां शीला ने बताया कि वे घर पर रिश्तेदारों को खाना खिला रहे थे, तभी आरोपी वहां आ गए और बच्चों को मारने लगे. उन्होंने कहा कि आरोपियों ने आकर कहा कि दारू पिलाओ, तुम्हारे घर नई बहू आई है और खुशी का मौका है. जब उन्होंने साफ मना किया कि न तो वे शराब पीते हैं और न ही किसी को पिलाते हैं, तो आरोपियों ने मारपीट शुरू कर दी.
शीला के अनुसार, मारपीट करने वालों में मनोज, हरनाम, नबलों, भीम, उसकी मां शरबती, पूजा और भूरी शामिल हैं. ये सभी गांव के ही रहने वाले हैं. उन्होंने बताया कि आरोपी गांव के अंदर रहते हैं जबकि उनका परिवार सड़क किनारे रहता है. पीड़ित परिवार ने प्रशासन से मांग की है कि सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और उन्हें जेल भेजा जाए.
घटना के बाद पीड़ित परिवार एसपी ऑफिस पहुंचा और न्याय की गुहार लगाई. पुलिस ने एक पक्ष की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है, जबकि दूसरे पक्ष के आवेदन पर भी जांच जारी है. सभी घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया गया है ताकि चोटों का सही आकलन किया जा सके.
वहीं इस पूरे मामले पर सीएसपी मनीष यादव ने जानकारी दी कि थाना आरोन क्षेत्र में दो पक्षों के बीच मारपीट का मामला सामने आया है. उन्होंने बताया कि दोनों पक्षों के आवेदन पर मेडिकल कराया गया है और मामला दर्ज कर लिया गया है. फिलहाल दोनों पक्षों के बयान लिए जा रहे हैं और जांच जारी है.
सीएसपी ने यह भी कहा कि शुरुआती जानकारी के अनुसार, शादी के दौरान शराब पीने को लेकर विवाद हुआ था. दोनों पक्षों के एक-एक व्यक्ति शराब के नशे में थे, जिसके कारण विवाद बढ़ गया. यह विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों परिवारों के बीच मारपीट शुरू हो गई और महिलाओं के बीच भी गुत्थम-गुत्था हुई.
सामान और नकदी लूटने का भी लगा आरोप
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी. इस घटना ने यह सवाल खड़ा कर दिया है कि किस तरह छोटी-छोटी बातों पर हिंसा का रूप ले लेती है और खुशी का माहौल पल भर में तनाव में बदल जाता है.