मध्य प्रदेश के ग्वालियर में सोमवार दोपहर एक चौंकाने वाला हादसा सामने आया, जिसने नगर निगम मुख्यालय के आसपास मौजूद लोगों को हिला कर रख दिया. यहां एक स्कूटर सवार युवती अचानक अनियंत्रित होकर एक वाहन शोरूम की खुली लिफ्ट में जा गिरी. घटना उस समय हुई जब मुख्यमंत्री के काफिले के गुजरने के कारण इलाके में ट्रैफिक रोका गया था. यह हादसा ग्वालियर नगर निगम मुख्यालय के पास सिटी सेंटर जाने वाले मार्ग पर हुआ. जानकारी के अनुसार दानाओली निवासी दीप्ति माथुर नगर निगम कार्यालय से अपने पिता का मृत्यु प्रमाण पत्र लेकर लौट रही थीं. उसी दौरान मुख्यमंत्री के काफिले के गुजरने की वजह से पुलिस ने बैरिकेड्स लगाकर ट्रैफिक रोक दिया था.
बताया जा रहा है कि बैरिकेड्स पर रोके जाने के बाद दीप्ति ने स्कूटर मोड़कर वापस जाने की कोशिश की. इसी दौरान अचानक स्कूटर का एक्सीलेटर तेज हो गया और स्कूटी गाड़ियों के शोरूम की खुली लिफ्ट में जा गिरी. हादसे की सबसे बड़ी वजह लिफ्ट के पास सुरक्षा इंतजामों का अभाव बताया जा रहा है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार लिफ्ट पूरी तरह खुली थी और उसके आसपास कोई बैरिकेड्स या सुरक्षा घेरा नहीं लगाया गया था. इसी कारण स्कूटर सीधे लिफ्ट के अंदर चला गया और युवती गंभीर रूप से घायल हो गई.
लिफ्ट के पास नहीं थे सुरक्षा इंतजाम, उठे सवाल
घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए युवती को लिफ्ट से बाहर निकाला और तुरंत अस्पताल पहुंचाया. बताया जा रहा है कि युवती को गंभीर चोटें आई हैं. प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि अगर लिफ्ट के पास पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम होते तो यह हादसा टाला जा सकता था. लोगों ने इस मामले में लापरवाही पर सवाल उठाए हैं और जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. इस मामले में पुलिस ने भी तत्काल कदम उठाते हुए लिफ्ट के पास बैरिकेड्स लगा दिए हैं और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और यह देखा जा रहा है कि सुरक्षा में कहां चूक हुई.
पुलिस और लोगों ने निकालकर अस्पताल पहुंचाया
सीएसपी मनीष यादव ने बताया कि घटना के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए युवती को अस्पताल पहुंचाया और मौके पर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है. उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है और आगे की कार्रवाई रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी. यह घटना एक बार फिर शहरों में सुरक्षा इंतजामों की पोल खोलती है. खासकर उन जगहों पर जहां निर्माण कार्य या मशीनरी खुली स्थिति में होती है, वहां सुरक्षा मानकों का पालन बेहद जरूरी है. फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की जांच में जुटी है और घायल युवती के इलाज पर ध्यान दिया जा रहा है.