scorecardresearch
 

MP: बोर्ड एग्जाम के नाम पर 'डिजिटल लूट'! टेलीग्राम पर 500 से 1000 में बिक रहे फर्जी पेपर

बोर्ड परीक्षाएं शुरू होते ही टेलीग्राम पर “असली पेपर” के नाम पर साइबर ठगी का नेटवर्क सक्रिय हो गया है. छात्रों को लिंक भेजकर 500 से 1000 रुपये में पेपर देने का दावा किया जाता है. भुगतान के बाद फर्जी प्रश्नपत्र भेज दिया जाता है या एडमिन गायब हो जाते हैं. पुलिस ने साफ किया है कि कोई पेपर लीक नहीं हुआ. मध्यप्रदेश क्राइम ब्रांच ने जांच शुरू कर दी है और अभिभावकों-छात्रों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.

Advertisement
X
टेलीग्राम पर 500 से 1000 में बिक रहा फर्जी पेपर. (Photo: Representational)
टेलीग्राम पर 500 से 1000 में बिक रहा फर्जी पेपर. (Photo: Representational)

बोर्ड परीक्षाएं शुरू होते ही एक बार फिर साइबर ठगों का नेटवर्क सक्रिय हो गया है. माध्यमिक शिक्षा मंडल और केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) की 10वीं-12वीं परीक्षाओं के बीच सोशल मीडिया, खासकर टेलीग्राम पर “एग्जाम से पहले असली पेपर” देने का दावा कर छात्रों को जाल में फंसाया जा रहा है. सैकड़ों छात्रों को लिंक के जरिए जोड़कर उनसे 500 से 1000 रुपये में पेपर देने का दावा किया जा रहा है.

कैसे काम कर रहा है पूरा नेटवर्क?
जांच में सामने आया है कि टेलीग्राम पर फर्जी चैनल बनाए जाते हैं. पहले छात्रों को लिंक भेजा जाता है और “लीक पेपर” का लालच दिया जाता है. जैसे ही छात्र लिंक पर क्लिक करता है, उसे दूसरे ग्रुप में जोड़ा जाता है जहां QR स्कैनर या पेमेंट लिंक भेजकर तय रकम जमा करने को कहा जाता है. पैसे मिलते ही या तो फर्जी प्रश्नपत्र थमा दिया जाता है या फिर एडमिन गायब हो जाते हैं. सोशल मीडिया पर वसूली के स्क्रीनशॉट भी वायरल हो रहे हैं. लेकिन बड़ा सवाल वही है, क्या वाकई पेपर लीक हुआ है? जवाब साफ है, नहीं. असल में यह छात्रों की घबराहट और जल्दबाजी का फायदा उठाने की सुनियोजित साजिश है.

साइबर सेल अलर्ट, नेटवर्क रडार पर
मध्यप्रदेश पुलिस की क्राइम ब्रांच ने इस पूरे नेटवर्क को रडार पर ले लिया है. ADSP शैलेंद्र सिंह चौहान के मुताबिक, परीक्षा से पहले “नकली पेपर” के नाम पर यह नया साइबर फ्रॉड तेजी से फैल रहा है. अभिभावकों और शिक्षकों को भी बच्चों पर नजर रखने और संदिग्ध व्हाट्सऐप/टेलीग्राम लिंक से दूर रहने की सलाह दी गई है. पिछले साल भी ऐसे मामलों में कई आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है.

Advertisement

सरकार की अपील
राज्य के स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने भी अभिभावकों और छात्रों से अपील की है कि किसी भी तरह के “पेपर लीक” के दावों पर भरोसा न करें. सरकार इस नेक्सस की जांच कर रही है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement