मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से एक ऐसी वारदात सामने आई है, जिसने रिश्तों और भरोसे की बुनियाद को झकझोर दिया है. गौतम नगर इलाके में 50 साल की दुर्गा की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने निशातपुरा थाना क्षेत्र में ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली.
3 बच्चों की हत्या, 18 साल काटे जेल में
पुलिस के अनुसार, आरोपी प्रीतम कुशवाहा मृतका का गुरु भाई होने के साथ ही रिश्ते में चचेरा भाई भी लगता था. वह पिछले करीब एक साल से दुर्गा के घर में रह रहा था. जानकारी के मुताबिक, गांव में अपने तीन बच्चों की कुल्हाड़ी से हत्या के मामले में वह 18 साल की सजा काट चुका था और पिछले साल ही जेल से रिहा हुआ था. गांव लौटने पर उसे सभी से बहिष्कार का सामना करना पड़ा, जिसके बाद दुर्गा ने उसे अपने घर में शरण दी.
घर खाली करने को कह रही थी दुर्गा
बताया जा रहा है कि बीते छह महीनों से दुर्गा उस पर घर खाली करने का दबाव बना रही थीं. पुलिस का मानना है कि इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने यह कदम उठाया. घटना महिला के निर्माणाधीन मकान में हुई. आरोपी उसे सफाई के बहाने वहां ले गया और धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया.
महिला के सीने और पेट पर कई वार
गौतम नगर थाना प्रभारी महेंद्र सिंह ठाकुर के मुताबिक, आरोपी ने महिला के सीने और पेट पर कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. हत्या के बाद वह वहां से फरार हो गया. दो दिन पहले ही उसने अपना सब्जी का ठेला बेच दिया था, जिससे यह आशंका भी जताई जा रही है कि वह पहले से कुछ योजना बना रहा था.
रेलवे ट्रैक पर मिला प्रीतम का शव
कुछ ही घंटों बाद निशातपुरा क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर उसका शव मिला. जांच में स्पष्ट हुआ कि उसने ट्रेन के सामने आकर आत्महत्या की. पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.