How to Get Rid of Rats: घर में चूहों, छिपकली, चीटियों का आना किसी बड़ी परेशानी से कम नहीं होता. खासतौर पर चूहे तो कभी रसोई में रखा सामान कुतर देते हैं, तो कभी कपड़े और जरूरी कागज खराब कर देते हैं. रात होते ही उनकी आवाजें और इधर-उधर भागना पूरे घर का सुकून बिगाड़ देता है. कई लोग चूहों से छुटकारा पाने के लिए बाजार में मिलने वाली दवाइयों या केमिकल का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन ये छोटे बच्चों और पालतू जानवरों के लिए खतरनाक हो सकता है.
ऐसे में अगर आप बिना किसी जहरीले उपाय के चूहों को घर से दूर रखना चाहते हैं, तो एक आसान और प्राकृतिक तरीका आपके काम आ सकता है. कुछ पौधों की खुशबू ऐसी होती है, जिसे चूहे बिल्कुल पसंद नहीं करते. यही वजह है कि इन पौधों को घर में लगाने से चूहे खुद-ब-खुद दूर रहने लगते हैं.
पौधे सिर्फ घर की खूबसूरती नहीं बढ़ाते हैं बल्कि वातावरण को भी फ्रेश बनाए रखते हैं. अगर आप भी चूहों की परेशानी से परेशान हैं, तो यह घरेलू उपाय आपके लिए काफी मददगार साबित हो सकते हैं.
पुदीने के पौधे से तेज खुशबू दूर-दूर आती है और यह चूहों को बिल्कुल पसंद नहीं होती. यही कारण है कि पुदीने का पौधा घर में लगाने से चूहे आसपास नहीं फटकते. आप इसे छोटे गमले में लगाकर रसोई, बालकनी या घर के कोनों में रख सकते हैं. पुदीने की ताजी खुशबू घर को फ्रेश भी रखेगी और चूहों को दूर भगाने में भी मदद करेगी.
तुलसी के पौधे की लोग घरों में पूजा करते हैं, लेकिन यह सिर्फ धार्मिक और औषधीय महत्व के लिए ही नहीं जानी जाती, बल्कि इसकी खुशबू भी चूहों को दूर रखने में मदद करती है. घर के मैन गेट या खिड़कियों के पास तुलसी का पौधा लगाने से चूहों का आना कम हो सकता है, साथ ही यह घर के एनवायरनमेंट को भी शुद्ध बनाए रखता है.
लैवेंडर का पौधा अपनी खूबसूरत खुशबू के लिए मशहूर है और घर को महकाने के लिए लोग इसे अपने घर में लगाते हैं. मगर वहीं, इसकी महक चूहों को तो बिल्कुल रास नहीं आती. आप इसे कमरे या बालकनी में रखने से चूहों की परेशानी कम हो सकती है.
अगर आपके पास घर में जगह की कमी है, तो आप पुदीने, तुलसी या लैवेंडर के तेल को पानी में मिलाकर घर के कोनों में स्प्रे भी कर सकते हैं. इनकी तेज खुशबू मात्र से ही चूहे घर से दुम दबाकर भाग जाएंगे.
अगर आप घर में पौधे नहीं रखना चाहते, तो एक आसान तरीका और है. इन तीनों चीजों के अर्क या लिक्विड को पानी में मिलाकर एक स्प्रे बोतल में भर लें. अब इसे चूहों के छिपने वाली जगहों पर छिड़क दें, इसकी खुशबू ही चूहों को घर से दूर खदेड़ने के लिए काफी है.
इन बातों का भी रखें ध्यान
घर में सिर्फ पौधे लगाने से ही काम पूरा नहीं होगा. घर की साफ-सफाई का ध्यान रखना भी जरूरी है. खाने-पीने की चीजें खुली न छोड़ें और कूड़ेदान को समय-समय पर साफ करते रहें. अगर घर में गंदगी कम होगी, तो चूहे आने की संभावना भी कम हो जाएगी.