scorecardresearch
 

आम हो या नींबू, कितने समय तक चलता है कौन सा अचार? जान लें शेल्फ लाइफ और स्टोरेज का सही तरीका

क्या आप जानते हैं कि आम, नींबू या सिरके वाला अचार कितने साल तक चल सकता है? जानिए अलग-अलग अचार की शेल्फ लाइफ, सही स्टोरेज के आसान टिप्स और अचार को लंबे समय तक खराब होने से बचाने के तरीके.

Advertisement
X
अचार स्टोर करने के लिए कांच या चीनी मिट्टी के जार सबसे अच्छे होते हैं. (Photo: ITG)
अचार स्टोर करने के लिए कांच या चीनी मिट्टी के जार सबसे अच्छे होते हैं. (Photo: ITG)

क्या कभी दाल-चावल या रोटी-सब्जी खाते समय लगा है कि स्वाद में कुछ कमी है? और फिर जैसे ही प्लेट में एक चम्मच अचार आ जाए, तो पूरा खाना चटपटा और मजेदार हो जाता है. अचार बोरिंग से खाने को भी मजेदार, चटपटा और स्वादिष्ट बना देता है. ऐसे में अचार सभी को खाना पसंद होता है. 

भारतीय थाली में अचार सिर्फ साइड डिश नहीं, बल्कि स्वाद का एक अहम हिस्सा है. इसकी हल्की खटास, तीखापन और मसालों की खुशबू बेहद मजेदार लगती है. आम, नींबू, मिर्च या मिक्स वेज, हर अचार की अपनी अलग पहचान और अलग मजा है. हर घर में इसका स्वाद थोड़ा अलग होता है, क्योंकि इसमें मसालों के साथ घर का अपना अंदाज भी मिला होता है. भारतीय अचार लंबे समय तक इसलिए खराब नहीं होते, क्योंकि इन्हें बनाने में तेल, नमक, मसाले और कभी-कभी सिरके जैसी नेचुरल चीजों का इस्तेमाल किया जाता है. ये चीजें सिर्फ स्वाद ही नहीं बढ़ातीं, बल्कि अचार को खराब होने से भी बचाती हैं.

आज भी कई घरों में अचार पुरानी ट्रेडिशनल रेसिपी से बनाए जाते हैं, जो पीढ़ी दर पीढ़ी आगे बढ़ती आई हैं. यही वजह है कि हर घर के अचार का स्वाद थोड़ा अलग और खास होता है. लेकिन सवाल ये है कि अचार कितने समय तक चलता है? चलिए जानते हैं कि अलग-अलग तरह के अचार की शेल्फ लाइफ कितनी है और सही तरीके से स्टोर करने के आसान टिप्स क्या हैं.

अचार कितने समय तक चलता है?
अचार कितने दिन चलेगा, ये इस बात पर निर्भर करता है कि उसे किस तरह बनाया गया है और कैसे स्टोर किया गया है. सही मात्रा में तेल, नमक या सिरका डाला जाए और साफ-सफाई का ध्यान रखा जाए, तो अचार लंबे समय तक खराब नहीं होता.

Advertisement

क्या है अलग-अलग अचार की शेल्फ लाइफ?

1. तेल वाला अचार (जैसे आम या नींबू): तेल वाले अचार जैसे आम या नींबू अगर पूरी तरह तेल में डूबा हो और सूखे, साफ जार में रखा गया हो, तो ये 1 से 3 साल तक चल सकता है.

2. नमक वाला अचार: अब बात करते हैं नमक वाले अचार की. जिन अचारों में नमक ज्यादा होता है, वो आमतौर पर 6 महीने से 1 साल तक ठीक रहते हैं.

3. सिरके वाला अचार: सिरके वाला अचार 1 से 2 साल तक खराब नहीं होता है. दरअसल, सिरका एक नेचुरल प्रिजर्वेटिव है. 

4. घर का बना अचार: जब बात घर के बने अचार की आती है तो इसका खराब होना न होना इस बात निर्भर करता है कि उसे कितनी साफ-सफाई से डाला गया है और उसे कैसे स्टोर किया गया है. अगर चम्मच सूखा हो और जार नमी से दूर रखा जाए, तो ये 6 महीने से 1 साल तक आसानी से चल सकता है.

5. बाजार का अचार: फैक्ट्री में सही प्रोसेसिंग और एयरटाइट पैकिंग की वजह से बाजार का अचार अक्सर घर के अचार के मुकाबले ज्यादा समय तक चलता है. हालांकि, खोलने के बाद इसे भी सही तरीके से रखना जरूरी है.

अचार को ज्यादा दिन तक कैसे सुरक्षित रखें?
अगर आप चाहते हैं कि अचार जल्दी खराब न हो, तो कुछ बातों का ध्यान रखना जरूरी है. 

Advertisement
  • हमेशा सूखा और साफ चम्मच ही इस्तेमाल करें.
  • अचार पूरी तरह तेल या पानी (नमक वाले घोल) में डूबा होना चाहिए.
  • अचार में पानी बिल्कुल न जाने दें, इससे फंगस लग सकता है.
  • हर बार इस्तेमाल के बाद जार को अच्छी तरह बंद करें.
  • इसके साथ ही धूप और ज्यादा गर्मी से दूर रखें.

अचार रखने का सही तरीका

1. सही बर्तन का करें इस्तेमाल: अचार स्टोर करने के लिए कांच या चीनी मिट्टी के जार सबसे अच्छे होते हैं. ये अचार के साथ रिएक्ट नहीं करते और स्वाद भी बनाए रखते हैं. अचार रखने के लिए प्लास्टिक या लोहे के बर्तन से बचना चाहिए.

2. ठंडी और सूखी जगह पर रखें: अचार रखने के लिए ठंडी और सूखी जगह सबसे सही होती है जैसे रसोई की अलमारी. इसे ज्यादा गर्मी अचार को जल्दी खराब कर सकती है.

3. जरूरत हो तो फ्रिज में रखें: अगर अचार में तेल या नमक कम है, तो उसे फ्रिज में रखना बेहतर है. इससे वह ज्यादा समय तक सुरक्षित रहेगा.

4. समय-समय पर टेस्ट करें: अगर अचार में फफूंदी दिखे, बदबू आए या रंग-टेक्सचर बदल जाए, तो उसे फेंक देना ही बेहतर है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement