How To Make Desi Ghee From Dahi: भारतीय घरों में घी का इस्तेमाल सदियों से होता आ रहा है. दाल में एक चम्मच घी हो, गर्म पराठे हों या फिर हलवा-लड्डू जैसी मिठाइयां, घी हर खाने का स्वाद कई गुना बढ़ा देता है. इसके साथ ही घी शरीर के लिए बहुत फायदेमंद भी होता है. यही वजह है कि आपको घरों में दादी-नानी को हमेशा घी की खाने की सलाह देते हुए देखा होगा. आजकल बाजार में घी खरीदना आसान जरूर है, लेकिन असली और शुद्ध घी मिलना थोड़ा मुश्किल हो गया है. घी में इतनी ज्यादा मिलावट की जा रही है कि बाजार से खीरदना खतरे से खाली नहीं है. इस समय में घर के बने शुद्ध घी की अहमियत बढ़ जाती है.
एक तो घी में मिलावट का डर ऊपर से इसकी कीमतें भी आसमान छू रही हैं. घी 800 रुपये किलो से लेकर 2000 रुपये किलो के भाव से बाजार में बिक रहा है. ऐसे में घर पर निकला शुद्ध देसी घी ही सबसे बढ़िया ऑप्शन नजर आता है. अगर आप घर पर ही देसी तरीके से शुद्ध-दानेदार घी बना लें, तो आप खाने का स्वाद बढ़ाने के साथ सेहतमंद भी बने रह सकते हैं. आपने आजतक घर में रखी मलाई से घी जरूर बनाया होगा, लेकिन क्या आप जानते हैं कि आप दही से भी दानेदार घी निकाल सकते हैं. एक बार अगर आप इस तरीके से घी बनाना सीख जाएंगे, तो शायद बाजार का घी खरीदना ही छोड़ दें.
क्यों खास होता है दही से बना घी?
दही से बने घी का स्वाद बहुत अलग होता है. इसे ज्यादा टेस्टी माना जाता है. इसमें हल्की खुशबू आती है और इसका टेक्शचर भी दानेदार बनता है. माना जाता है कि घी बनाने का ये तरीका ज्यादा ट्रेडिशनल और हेल्दी होता है. आयुर्वेद में भी दही से बने घी को फायदेमंद बताया गया है.
दही से घी बनाने के लिए क्या चाहिए?
बनाने का तरीका:
1. सबसे पहले दही को एक बड़े बर्तन में डालें. अब इसे लगातार एक ही दिशा में फेंटना शुरू करें. अगर आपके पास हैंड विस्क नहीं है तो आप ब्लेंडर या चम्मच का इस्तेमाल भी कर सकते हैं. कुछ मिनट बाद दही का टेक्शचर बहुत हल्का होने लगेगा और उसकी बनावट बदलने लगेगी.
2. अब धीरे-धीरे बर्फ जैसा ठंडा पानी डालते रहें और साथ में दही को मथते रहें. ठंडा पानी डालने से फैट ऊपर जमा होने लगता है. थोड़ी देर बाद मक्खन ऊपर तैरता हुआ दिखाई देने लगेगा और नीचे पतला पानी बच जाएगा.
3. जब सारा मक्खन ऊपर आ जाए, तो उसे हाथ या चम्मच की मदद से अलग निकाल लें. अब इस मक्खन को ठंडे पानी में 2-3 बार धो लें. इससे उसका खट्टापन निकल जाता है और घी ज्यादा दिनों तक खराब नहीं होता.
4. अब मक्खन को एक पैन में डालकर धीमी आंच पर गर्म करें. धीरे-धीरे उसमें झाग बनने लगेगा और फिर दानेदार घी अलग दिखने लगेगा. जब घी पूरी तरह तैयार हो जाए, तो उसे छानकर किसी साफ और सूखे डिब्बे में भर लें.
5. अब आपका दानेदार, खुशबूदार और शुद्ध देसी घी तैयार है. इसे दाल, रोटी, पराठे या मिठाइयों में इस्तेमाल करें और घर के स्वाद का मजा लें. एक बार ये तरीका अपनाने के बाद शायद आप बाजार का घी खरीदना ही छोड़ दें.