Kitchen Cooling Tips: जैसे-जैसे गर्मी बढ़ती है, वैसे-वैसे घर धूप की करिणों से तपने लगता है. यूं तो घर का हर कोना पूरा गर्म रहता है, लेकिन रसोई एक ऐसी जगह है जो पूरे घर में सबसे ज्यादा गर्म रहती है. अगर हम कहें कि गर्मियों में रसोई किसी तपते हुए तंदूर से कम नहीं लगती, तो बिल्कुल भी गलत नहीं होगा. बाहर सूरज की तपिश और अंदर खाना पकाने के लिए जलता हुआ गैस का चूल्हा, इसे बुरी तरह से तपा देता है.
ये कॉम्बिनेशन ऐसा है जो खाना बनाने वाले की हालत खराब कर देता है. ऐसे में खाना बनाते वक्त पसीने से तरबतर होकर घंटों खड़े रहना न सिर्फ थकाने वाला होता है, बल्कि आपका खाना पकाना भी मुश्किल कर देता है.
रसोई को ठंडा करने के लिए ज्यादातर किचन में पंखा, एसी या कूलर नहीं लगा सकते हैं क्योंकि खाना पकाने में परेशानी होती है. लेकिन इसका मतलब ये नहीं कि आप इस गर्मी को झेलने के लिए मजबूर हैं. कुछ स्मार्ट कुकिंग हैबिट्स और छोटे-छोटे बदलावों के साथ आप अपने किचन के टेंपरेचर को काफी हद तक कम कर सकते हैं और ठंडा सकते हैं.
1. सही समय पर खिड़कियां खोलें-बंद करें: अगर आप अपनी रसोई को नेचुरली ठंडा रखना चाहते हैं तो उसमें लगी खिड़कियां सही समय पर खोलते बंद करते रहें. आप सुबह और शाम के समय किचन की खिड़कियां खुली रखेंगें तो ताजी हवा अंदर आएगी. वहीं दोपहर में जब धूप तेज हो, तो खिड़कियां बंद कर दें. इससे गर्म हवा अंदर नहीं आएगी.
2. सुबह जल्दी खाना बना लें: गर्मी में दोपहर तक रसोई बहुत ज्यादा गर्म हो जाता है. इसलिए कोशिश करें कि आप सुबह के समय ही खाना बना लें. इससे आप तेज गर्मी से बचेंगे और दिन में आराम भी मिल जाएगा.
3. किचन को साफ और हल्का रखें: गर्मियों में रसोई में अगर आप ज्यादा सामान भर देंगे तो उसमें गर्मी फंस जाती है, जिससे ये और भी ज्यादा गर्म हो जाती है. ऐसे में गर्मी के मौसम में रसोई की रोजाना सफाई करें और वहां केवल जरूरी चीजें ही रखें, ताकि किचन खुला और ठंडा महसूस हो.
4. वन पॉट कुकिंग अपनाएं: बार-बार गैस जलाने से किचन की गर्मी बढ़ती है. ऐसे में अगर आप गर्मियों में एक ही बर्तन में बनने वाली डिश बनाएंगे तो रसोई में ठंडक रहेगी क्योंकि गैस कम जलेगी.
5. गीला कपड़ा लगाएं: आप रसोई की खिड़की या दरवाजे पर हल्का गीला कपड़ा टांग सकते हैं. इससे ये होगा कि जब हवा अंदर आएगी तो उसमें ठंडक महसूस होगी. ये रसोई को कूल रखने का एक आसान और नेचुरल तरीका है.
6. पौधे और हल्के रंग इस्तेमाल करें: रसोई की खिड़की के पास आप छोटे-छोटे पौधे रख सकते हैं और हल्के रंग के पर्दे या ब्लाइंड भी लगा सकते हैं. इससे किचन में ठंडक के साथ-साथ ताजगी भी बनी रहती है.