आजकल बहुत से लोग घर बनाने, बिजनेस शुरू करने या अपनी जरूरतों को पूरा करने के लिए लोन लेते हैं. लेकिन कई बार ऐसी स्थिति आ जाती है जब लोग समय पर लोन नहीं चुका पाते. ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही होता है- क्या लोन न चुकाने पर जेल हो सकती है? पटियाला कोर्ट के वकील महमूद आलम बताते हैं कि अगर आप किसी वास्तविक कारण से लोन नहीं चुका पा रहे हैं- जैसे नौकरी चली गई, बिजनेस में नुकसान हो गया, या कोई बीमारी हो गई तो यह मामला क्रिमिनल नहीं, बल्कि सिविल माना जाता है. यानी यह एक तरह का आर्थिक विवाद है, अपराध नहीं.
कंपनी नहीं भेज सकती जेल
महमूद आलम बताते हैं कि ऐसी स्थिति में बैंक या फाइनेंस कंपनी आपके खिलाफ कोर्ट में केस कर सकती है, लेकिन उसका मकसद आपको जेल भेजना नहीं होता. वे अपने पैसे वापस लेने के लिए कानूनी तरीके अपनाते हैं, जैसे आपकी संपत्ति को जब्त करना या किस्तों में पैसा वसूल करना. अगर आपने धोखा नहीं दिया है, तो सिर्फ लोन न चुका पाने पर जेल नहीं होती. वहीं, दूसरी तरफ अगर आपने लोन लेते समय गलत जानकारी दी, नकली डॉक्यूमेंट जमा किए, या अपनी आय के बारे में झूठ बोला तो यह धोखाधड़ी माना जाता है. ऐसे में मामला सिविल से बढ़कर क्रिमिनल बन जाता है. इस स्थिति में बैंक पुलिस में शिकायत कर सकता है और अगर आप दोषी पाए जाते हैं, तो जेल भी हो सकती है.
जानबूझकर लोन न चुकाना गंभीर मामला
इसके अलावा, एक और शब्द होता है- विलफुल डिफॉल्टर यानी जानबूझकर लोन न चुकाने वाला व्यक्ति. मान लीजिए आपके पास पैसे हैं, लेकिन फिर भी आप जानबूझकर लोन नहीं चुका रहे, अपनी संपत्ति छिपा रहे हैं या बैंक से बचने की कोशिश कर रहे हैं तो यह भी गंभीर मामला बन सकता है. ऐसी स्थिति में भी आपके खिलाफ सख्त कार्रवाई हो सकती है. वकील के अनुसार, कानून में साफ फर्क किया गया है. पैसे न होने पर सिविल मामला आएगा, ऐसे मामले में जेल नहीं होती है. वहीं, दूसरी तरफ जानबूझकर लोन न चुकाना या धोखा देना क्रिमिनल मामले में आएगा. ऐसे मामले में जेल हो सकती है.
भारत में बैंकों के पास पैसे वसूलने के लिए कई अधिकार होते हैं. वे आपकी संपत्ति को जब्त कर सकते हैं, नोटिस भेज सकते हैं और कोर्ट का सहारा ले सकते हैं. लेकिन सिर्फ पैसे न चुका पाने के कारण किसी को जेल भेजना कानून के खिलाफ है. इसलिए अगर आप किसी परेशानी में हैं और लोन नहीं चुका पा रहे हैं, तो बैंक से बात करना सबसे अच्छा तरीका है. कई बार बैंक आपको समय दे सकते हैं, EMI कम कर सकते हैं या नया भुगतान प्लान बना सकते हैं.
कुल मिलाकर, लोन न चुका पाना हमेशा अपराध नहीं होता. अगर आपकी मंशा सही है और आप ईमानदारी से कोशिश कर रहे हैं, तो आपको जेल नहीं होगी. लेकिन अगर आपने धोखाधड़ी की है या जानबूझकर पैसा नहीं चुका रहे हैं, तो कानूनी कार्रवाई और जेल दोनों हो सकती हैं. इसलिए हमेशा सही जानकारी दें, समझदारी से लोन लें और समय पर भुगतान करने की कोशिश करें, यही सबसे सुरक्षित रास्ता है.