आपने कई तरह के बड़े-बड़े सांप देखे होंगे या उनके बारे में पढ़ा होगा. लेकिन कभी सबसे पतले सांप के बारे में सुना है? ये सांप इतना पतला होता है कि ये चींटी के बिल में भी आसानी से घुस सकता है और दिखने में एक नूडल जितना पतला होता है. अब सवाल है कि आखिर ये सांप पाया कहां जाता है और कितना खतरनाक है. तो जानते हैं ये कौनसा सांप है, जिसे दुनिया का सबसे पतला सांप कहा जाता है.
दुनिया के सबसे पतले और छोटे सांप को बारबाडोस थ्रेडस्नेक कहा जाता है. वैसे अब ये सांप काफी कम मिलता है और कई सालों तक ये कहीं भी नहीं पाया गया था. लेकिन, 20 साल बाद 2025 में ये सांप एक बार मिला था. गायब हो रही प्रजातियों में इसका नाम भी शामिल है.
रिपोर्ट्स के अनुसार, 1889 के बाद कुछ ही मौके ऐसे आए हैं, जिनमें ये सांप देखा गया है. बहुत कम लोग ही ऐसे हैं, जिसने इस सांप को देखा होगा. इसे पतले होने के साथ ही कम लंबाई की वजह से भी जाना जाता है. खास बात ये है कि ये प्रजाति कैरेबियन द्वीप बारबाडोस में पाई जाती है.

बता दें कि नूडल जितने पतले इस सांप की लंबाई 3 से 4 इंच तक ही होती है और अब धीरे-धीरे दुर्लभ हो रहा है. वैसे ये सांप ब्लाइंड स्नेक या फ्लावरपॉट स्नेक से काफी मिलता-जुलता है, जो एक सांप की आक्रामक प्रजाति है और हाल के दशकों में अनजाने में बारबाडोस में पहुंच गई है.
जब ये सांप मिलता है तो वैज्ञानिक भी लैंस के जरिए इसका अध्ययन करते हैं, क्योंकि ये धागे के जैसा दिखता है. इस प्रजाति के सांप में जो छोटे बच्चे होते हैं, वो सुई के छेद में से भी निकल सकते हैं.

कितना खतरनाक है ये सांप?
ये सांप हल्के भूरे रंग के होते हैं और इन पर पीली धारियां होती हैं. वैसे इन सांपों में जहर नहीं होता है और इनका भोजन चींटियों के लार्वा और दीमक होते हैं. ये छुपकर रहने वाले, बिल खोदने वाले जीव हैं जो पूर्वी बारबाडोस के जंगलों में चट्टानों के नीचे या नम मिट्टी में रहते हैं.
अगर ये किसी को काट ले तो कोई नुकसान नहीं होता, ऐसे में इनसे इंसानों को ज्यादा खतरा नहीं होता. ऐसे में आपको इनसे डरने की जरुरत नहीं है और वैसे भारत में भी ये सांप नहीं पाए जाते हैं.