scorecardresearch
 

हैदराबाद-जयपुर एक्सप्रेस में लगी आग, दो AC कोच जलकर खाक

आग ट्रेन के थ्री-टियर एसी कोच के B1 और B2 डिब्बों में लगी, जिसके बाद स्टेशन परिसर में हड़कंप मच गया. जानकारी के मुताबिक, ट्रेन शाम 7 बजे नामपल्ली स्टेशन से जयपुर के लिए रवाना होने वाली थी. इसी दौरान कोचों से अचानक धुआं और लपटें उठने लगीं.

Advertisement
X
दमकल विभाग की मदद से आग पर काबू पाया गया. (Photo- ITG)
दमकल विभाग की मदद से आग पर काबू पाया गया. (Photo- ITG)

हैदराबाद-जयपुर स्पेशल एक्सप्रेस में शुक्रवार को हैदराबाद के नामपल्ली रेलवे स्टेशन पर आग लगने से अफरा-तफरी मच गई. आग ट्रेन के थ्री-टियर एसी कोच के B1 और B2 डिब्बों में लगी, जिसके बाद स्टेशन परिसर में हड़कंप मच गया. घटना उस समय हुई जब ट्रेन शाम 7 बजे हैदराबाद से जयपुर के लिए रवाना होने की तैयारी में थी.

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रेन के कोचों से अचानक धुआं निकलता दिखाई दिया, जिसके कुछ ही देर बाद आग की लपटें उठने लगीं. स्टेशन पर मौजूद यात्रियों और रेलवे कर्मचारियों में हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल, स्टेशन प्रशासन और दमकल विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं. 

आग बुझाने के लिए दमकल विभाग की तीन गाड़ियों को लगाया गया. फायर कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और उसे दूसरे डिब्बों तक फैलने से रोक दिया. रेलवे अधिकारियों के अनुसार, समय रहते कार्रवाई होने के कारण एक बड़ा हादसा टल गया

राहत की बात यह रही कि घटना के समय प्रभावित कोचों में कोई यात्री मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया. रेलवे कर्मचारियों की सतर्कता के चलते यात्रियों को तुरंत सुरक्षित बाहर निकाला गया और स्थिति को नियंत्रण में लाने में मदद मिली. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग एसी कोच के अंदर लगी थी, लेकिन इसके पीछे की असली वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाई है.

Advertisement

रेलवे और दमकल विभाग की टीमें आग लगने के कारणों की जांच कर रही हैं. तकनीकी खराबी, शॉर्ट सर्किट या अन्य कारणों को लेकर जांच की जा रही है. रेलवे अधिकारियों का कहना है कि घटना की विस्तृत जांच के आदेश दे दिए गए हैं और प्रभावित कोचों का निरीक्षण किया जाएगा. साथ ही यह भी देखा जाएगा कि सुरक्षा मानकों में कहीं कोई चूक तो नहीं हुई

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement