हैदराबाद के बंडलागुड़ा जागीर-सन सिटी इलाके में छह महीने के एक शिशु की कथित तौर पर एक्सपायर्ड दवा दिए जाने के बाद मौत हो गई. बच्चे के परिजनों ने यह आरोप लगाया है. जानकारी के अनुसार शिशु की पहचान रामू के रूप में हुई है.
बच्चे को एक्सपायर्ड दवाएं देने का आरोप
बच्चे को बुखार आने पर उसके माता-पिता उसे पास के एक अस्पताल लेकर गए थे. परिजनों का आरोप है कि अस्पताल के डॉक्टरों ने बच्चे को एक्सपायर्ड दवाएं दे दीं. दवा दिए जाने के कुछ ही समय बाद बच्चे की तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी.

डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप
परिवार का कहना है कि दवा मिलने के तुरंत बाद शिशु की हालत गंभीर हो गई और बाद में उसकी मौत हो गई. घटना के बाद शोक में डूबे परिजनों ने अस्पताल के डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाया है. उन्होंने मामले की गहन जांच कराने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.
घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भी नाराजगी देखने को मिली. उन्होंने चिकित्सीय लापरवाही पर अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की. पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है.