वैश्विक बाजारों में कमजोरी के रख को देखते हुए स्टॉकिस्टों की सतत बिकवाली से बीते सप्ताह सर्राफा बाजार में सोने की कीमतें 28,000 रुपये के स्तर के नीचे 11 माह के निम्न स्तर 27,400 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर तक लुढ़क गया. औद्योगिक इकाइयों और सिक्का निर्माताओं के कमजोर उठान के कारण चांदी की कीमत में भी गिरावट आई.
बाजार सूत्रों ने कहा कि यूक्रेन में तनाव कम होने और सकारात्मक अमेरिकी आर्थिक आंकड़ों ने फेडरल रिजर्व के लिए मौद्रिक प्रोत्साहन कम करने की स्थिति बना दी जिससे सुरक्षित निवेश के रूप में बहुमूल्य धातु की मांग घट गई जिससे विदेशों में कमजोरी का रुख दिखाई दिया.
इस कमजोरी के रख के अनुरूप सोने की कीमतों में निरंतर गिरावट आई. घरेलू मोर्चे पर कीमतों का रख तय करने वाले बाजार न्यूयार्क में सोना 3.6 फीसदी की गिरावट के साथ 1,246 डॉलर प्रति औंस रह गया, जो 13 सितंबर के बाद की सबसे बड़ी गिरावट है. चांदी की कीमत भी 3.8 फीसदी की गिरावट के साथ 18.68 डॉलर प्रति औंस रह गई जो 21 मार्च के बाद की सबसे बड़ी गिरावट है. उन्होंने कहा कि घरेलू मोर्चे पर आभूषण निर्माताओं की सुस्त मांग तथा चीन में मांग धीमी पड़ने से भी बाजार धारणा प्रभावित हुई.