कोरोना वायरस के मामले भारत में काफी तेजी से बढ़ते जा रहे हैं. देश में अभी तक ढाई लाख से भी ज्यादा लोग कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं जबकि 7135 लोंगो की मौत भी हो चुकी है. आम आदमी से लेकर देश की बड़ी हस्तियां भी इससे बच नहीं पाई हैं. कोरोना की चपेट में अभी तक कई राजनीतिक दलों के नेता आ चुके हैं, जिनमें विधायक से लेकर मंत्री तक शामिल हैं.
केजरीवाल आज कराएंगे कोरोना जांच
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की तबीयत अचानक बिगड़ गई है. सीएम केजरीवाल को हल्का बुखार और गले में खराश की शिकायत है. कोरोना के लक्षण जैसी शिकायत के चलते आज वो अपना कोरोना टेस्ट करवाएंगे. इसके बाद ही पता चल पाएगा कि यह सामान्य बुखार है या कोरोना से जुड़ा है. फिलहाल केजरीवाल ने अपने आपको आइसोलेट कर लिया है और डॉक्टरों की एक टीम उनके स्वास्थ्य का ख्याल रख रही है.
कोरोना पर फुल कवरेज के लिए यहां क्लिक करें
कोरोना की चपेट में गुजरात के कई विधायक
गुजरात में कोरोना के बढ़ते मामले गुजरात सरकार के लिए चिंता का विषय बने हुए हैं. गुजरात में आम आदमी ही नहीं बल्कि विधायक और नेता भी कोरोना की चपेट में आए हैं. अहमदाबाद के जमालपुर से कांग्रेस विधायक इमरान खेड़ावाला, नरोदा से बीजेपी विधायक बलराम थवानी, निकोल के बीजेपी विधायक जगदीश पंचाल कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था. अहमदाबाद की वेजलपुर सीट से बीजेपी विधायक किशोर चौहान भी कोरोना की चपेट में आ गए हैं. इसके अलावा अहमादाबाद महानगरपालिका के आठ पार्षदों की रिपोर्ट भी कोरोना पॉजिटिव आ चुकी है. पूर्व स्टेंडिंग कमेटी के चेयरमैन बदरुद्दीन शेख की कोरोना के कारण पहले मौत हो चुकी है.
महाराष्ट्र सरकार के दो मंत्री कोरोना पॉजिटिव
देश में सबसे ज्यादा कोरोना संक्रमण के मामले महाराष्ट्र में हैं. महाराष्ट्र की उद्धव ठाकरे सरकार के दो मंत्री कोरोना संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं. इसमें सबसे पहले कालवा-मुंब्रा से एनसीपी विधायक और कैबिनेट मंत्री जितेंद्र अव्हाड़ और उनके निजि स्टाफ के 14 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे. इसके बाद मंत्री जितेंद्र अव्हाड़ और उनके सहयोगी क्वारनटीन हो गए थे, जो अब पूरी तरह से ठीक हो चुके हैं. महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और उद्धव ठाकरे सरकार में पब्लिक वर्क्स डिपार्टमेंट (पीडब्ल्यूडी) मंत्री अशोक चव्हाण कोरोना संक्रमित पाए गए हैं. पहले उन्हें होम क्वारनटीन रखा गया था और बाद में नांदेड़ के अस्पताल में भर्ती कराया गया था.
कोरोना कमांडोज़ का हौसला बढ़ाएं और उन्हें शुक्रिया कहें...
उत्तराखंड: सतपाल महाराज को कोरोना
उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज और पत्नी सहित पूरा परिवार कोरोना की चपेट में आ गया है. पहले सतपाल महाराज और उनकी पत्नी व पूर्व मंत्री अमृता रावत की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई थी. सतपाल महाराज के आवास पर काम करने वाले करीब 17 लोगों की रिपोर्ट भी पॉजिटिव पाई गई है. इसके बाद मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के साथ उनकी पूरी कैबिनेट होम क्वारनटीन हो गई थी, क्योंकि एक दिन पहले ही सतपाल महाराज कैबिनेट बैठक में शामिल हुए थे. सतपाल महाराज और उनके परिवार का इलाज चल रहा है.
बीजेपी के प्रवक्ता संबित पात्रा कोरोना संक्रमित
बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा भी कोरोना संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं. कोरोना के लक्षण मिलने के बाद खुद संबित पात्रा गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में जाकर भर्ती हुए थे. इसके बाद एक सप्ताह से ज्यादा अस्पताल में रहने के बाद दोबारा लिए गए नमूनों की जांच रिपोर्ट निगेटिव आने पर उन्हें रविवार देर रात अस्पताल से छुट्टी दे दी गई. अस्पताल प्रबंधन के अनुसार अब वह ठीक हैं. हालांकि डॉक्टरों ने उन्हें थोड़े दिन होम क्वारनटीन रहने की हिदायत दी है.