लोकसभा में विपक्ष की नेता सुषमा स्वराज ने शनिवार को आरोप लगाया कि केंद्र सरकार महंगाई को रोकने में नाकाम रही है जिससे आम आदमी की रोटी छिन गयी है.
गुजरात में अहमदाबाद के चंदखेड़ा इलाके में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए सुषमा ने कहा, ‘एक तरफ केंद्र सरकार भ्रष्टाचार में गहराई तक डूबी हुई है वहीं दूसरी तरफ बढ़ती महंगाई ने आम आदमी की जिंदगी दूभर कर दी है. बढ़ती महंगाई में लोग अपने घर का खर्च कैसे चला सकते हैं.’
उन्होंने दावा किया, ‘हमने भी केंद्र में छह साल शासन किया लेकिन आम आदमी की रोटी छीनने का पाप नहीं किया.’ उन्होंने कहा, ‘सरकार ने खुदरा कारोबार में एफडीआई लाने का फैसला करके महंगाई से जूझ रहे लोगों को एक और आघात पहुंचाया है.’
सुषमा ने कहा, ‘मुझे उम्मीद है कि आप सब इस बार भी नरेंद्र मोदी को सत्ता में लाकर सोनिया गांधी और मनमोहन सिंह को सही सबक सिखाएंगे.’ मोदी की तारीफ करते हुए लोकसभा में विपक्ष की नेता ने कहा कि उनके सुशासन ने साबित कर दिया है कि कोई सत्ता विरोधी लहर नहीं है.