देश के सबसे तेज और भरोसेमंद न्यूज चैनल आजतक को बेस्ट हिंदी न्यूज चैनल का अवॉर्ड मिला है. बीसीएस रत्न अवॉर्ड्स के 10वीं एडिशन में आजतक को चार अवॉर्ड्स से सम्मानित किया गया है. सर्वश्रेष्ठ हिंदी न्यूज चैनल के पुरस्कार के अलावा अंजना ओम कश्यप को बेस्ट हिंदी न्यूज एंकर फीमेल का अवॉर्ड मिला है.
वहीं रोहित सरदाना बेस्ट हिंदी न्यूज एंकर मेल के पुरस्कार से नवाजे गए हैं. सो सॉरी को बेस्ट पॉलीटून्स अवॉर्ड दिया गया है. आजतक हर साल कामयाबी के नए आयाम छूता जा रहा है. चैनल को दशकों से नंबर वन बनाए रखने में दर्शकों का अहम योगदान रहा है. आजतक के हल्ला बोल, दंगल समेत कई कार्यक्रमों को लोग बेहद पसंद करते हैं.
लोकसभा 2019 चुनाव के लिए आजतक का एग्जिट पोल भी सबसे सटीक रहा. एग्जिट पोल में एनडीए को 339-365 सीट देने का अनुमान जताया गया था, जो एकदम सही साबित हुआ. एनडीए को 353 सीट हासिल हुईं. वहीं चुनाव की कवरेज में भी आजतक के आसपास भी कोई नहीं था.
हर चुनावी चरण में आजतक के रिपोटर्स ने शानदार कवरेज को अंजाम दिया. पीएम नरेंद्र मोदी, राहुल गांधी, अखिलेश यादव, डिंपल यादव समेत तमाम बड़े नेताओं के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू दर्शकों के सामने पेश किए गए. आजतक की इलेक्शन एक्सप्रेस भी देश के विभिन्न हिस्सों में घूमी और जमीनी स्तर पर चुनावों का सटीक विश्लेषण किया.
पिछले 19 साल से देश का नंबर वन न्यूज चैनल आजतक हिंदी जगत के महामंच 'एजेंडा आजतक' का पिछले कई वर्षों से लगातार प्रसारण करता आ रहा है. 'एजेंडा आजतक' में राजनीतिक, सामाजिक और बॉलीवुड जगत की हस्तियां शामिल होकर एक छत के नीचे राष्ट्रीय एजेंडे पर चर्चा करती हैं. यह दर्शकों के प्यार और भरोसे का नतीजा है कि 'आजतक' खबरों की दुनिया के शिखर पर बना हुआ है.