बिहार में तापमान बढ़ने का सिलसिला लगातार जारी है, इस कारण गर्मी से लोग बेहाल हैं. गया का शुक्रवार सुबह का तापमान ही 33.0 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया है जबकि गुरूवार को राजधानी पटना अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा दर्ज किया गया.
पटना मौसम विज्ञान केन्द्र के मुताबिक सुबह गया का तापमान 33.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जबकि पटना का 30 डिग्री, भागलपुर का 29.6 डिग्री तथा पूर्णिया का सुबह का तापमान 28.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
इधर, राज्य में गुरूवार को गया सबसे ज्यादा गर्म रहा जहां का अधिकतम तापमान 45.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि पटना का अधिकतम तापमान भी 45.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया.
मौसमविदों के मुताबिक अभी 48 घंटे के दौरान बिहार में बारिश की कोई संभावना नजर नहीं आ रही है. बिहार के कुछ हिस्सों में प्री मानसून की बारिश आ भी गई तब भी लोगों को गर्मी से राहत मिलने की संभावना नहीं है. गर्मी से बेहाल लोग अब मानसून का इंतजार कर रहे हैं.