राजस्थान में कोरोना के कम होते मामलों के बीज राज्य सरकार ने अनलॉक 4 की घोषणा कर दी है. अब रियायतों का दौर पहले से ज्यादा बढ़ा दिया गया है. अनलॉक 4 के तहत सिनेमा हॉल को खोलने की मंजूरी दे दी गई है. वैक्सीन की एक डोज ले चुके लोगों को भी कई तरह की छूट दी गई हैं.
राजस्थान में खुले सिनेमा हॉल
गाइडलाइन के मुताबिक राजस्थान में सरकार ने मल्टीप्लेक्स सिनेमा हॉल और मॉल्स को 50 फ़ीसदी क्षमता के साथ सुबह 9 बजे से रात 8 बजे तक खोलने की इजाजत दे दी है. वहीं प्रशिक्षण कौशल केंद्रों को भी खोल दिया गया है, लेकिन यहां पर लोगों को वैक्सीन की एक डोज लेना जरूरी रहेगा. शादी समारोह को लेकर भी सरकार ने अब ढील बरती है. किसी भी शादी समारोह में 25 लोग तक शामिल हो सकेंगे, वहीं बारात का आयोजन भी घर में किया जा सकेगा. बारात का सड़क पर जाना मना रहेगा. उपखण्ड मजिस्ट्रेट स्थिति के आंकलन के बाद शादी समारोह में सम्मिलित होने वाले अतिथियों / मेहमानों की संख्या 50 तक अनुमत कर सकते हैं.
खेलों को भी दिया गया बढ़ावा
वहीं आउटडोर खेलों की अनुमति रात आठ बजे तक होगी और इनडोर खेलों की अनुमति उन लोगों के लिए होगी जो वैक्सीन का कम से कम एक डोज लगा चुके हैं. ऑडिटोरियम और प्रदर्शनी भी 50 फ़ीसदी क्षमता के साथ सुबह छह बजे से रात आठ बजे तक खोले जा सकेंगे. लेकिन वहां भी कोरोना प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन करना होगा. इस बार सरकार की तरफ से कुछ दुकानों को भी खास रियायत दी गई है.
दुकानों को खास रियायत
जानकारी दी गई है कि जिन दुकानों और प्रतिष्ठानों के कार्मिक कम से कम 60 फ़ीसदी तक वैक्सीन लगा चुके हैं, वहां चार घंटे अतिरिक्त यानी रात आठ बजे तक दुकानें और प्रतिष्ठान और बाज़ार खोलने की अनुमति रहेगी. वहीं राज्य के होटल और रेस्टोरेंट जहां स्टाफ़ 60 फ़ीसदी तक वैक्सिनेट हो चुके हैं, उन्हें अब रात 10 बजे तक खुलने की अनुपति रहेगी.
इसके अलावा राज्य की सिटी बस भी अब पूरी क्षमता के साथ चलेंगी लेकिन कोई खड़ा नहीं रहेगा. ऐसे में सोशल डिस्टेंसिंग का भी ख्याल रखा गया है और लोगों की सहूलियत को भी तवज्जो दी गई है.
राज्य में सुधरती कोरोना स्थिति
राजस्थान में एक्टिव कोविड–19 के मामले सिमट कर 750 पर रह गए हैं. यह राजस्थान के स्वास्थ्य एवं चिकित्सा विभाग द्वारा शनिवार को जारी की गई रिपोर्ट के जरिए पता लगा. शनिवार को जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक राजस्थान के 33 में से 16 जिलों में 24 घंटे के समय में एक भी कोविड-19 का मामला सामने नहीं आया है. इन जिलों में अजमेर, बाड़मेर, भीलवाड़ा, बीकानेर और बूंदी शामिल हैं.