पंजाब के जिला तरन तारन के कस्बा पट्टी में नवविवाहिता रूबी मेहरा को सिर में गोली मारने के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने आरोपी युवक करण को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तारी के बाद जब उसे अदालत में पेशी के लिए ले जाया जा रहा था, उस दौरान की एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है. वीडियो में करण माफी मांगता हुआ नजर आ रहा है. बताया जा रहा है कि पुलिस से बचकर भागते समय उसकी टांग टूट गई थी.
युवती के शादी करने से नाराज था आरोपी
एसएसपी सुरिंदर लांबा ने बताया कि जांच में सामने आया है कि करण ने जिस पिस्टल से फायरिंग की, वह उसने अपने एक दोस्त से छीनी थी. यह पिस्टल उसके दोस्त के पिता की बताई जा रही है. पुलिस ने अवैध रूप से हथियार रखने और लापरवाही बरतने के मामले में पिस्टल के मालिक के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई करने की बात कही है.
बता दें, शनिवार को पट्टी के गार्डन कॉलोनी निवासी रूबी मेहरा पर करण ने कई राउंड फायर किए थे. रूबी की दो माह पहले ही शादी हुई थी. बताया जा रहा है कि करण इस शादी से नाराज था और शादी से पहले भी वह रूबी को परेशान करता था.
घायल रूबी अस्पताल में भर्ती
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था. गंभीर रूप से घायल रूबी को तुरंत अमृतसर के एक निजी अस्पताल में रेफर किया गया. अस्पताल सूत्रों के अनुसार उसकी हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है.