अमृतसर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक बेटी पर अपने ही पिता को गोली मारने का आरोप लगा है. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है, जबकि परिवार अपनी बेटी को निर्दोष बताते हुए एफआईआर रद्द करने की मांग कर रहा है. पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच में जुटी हुई है.
दरअसल, यह मामला अमृतसर के हलका बाबा बकाला साहिब के थाना खलचियां क्षेत्र का बताया जा रहा है. जानकारी के अनुसार, युवती स्नेहदीप ने अपने पिता को लाइसेंसी रिवॉल्वर से गोली मार दी. घटना के तुरंत बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी युवती को हथियार सहित हिरासत में ले लिया.
यह भी पढ़ें: पंजाब: जालंधर-अमृतसर धमाकों के पीछे खालिस्तानी और ISI साजिश! जांच में जुटीं एजेंसियां
परिवार के सदस्यों का कहना है कि लड़की काफी समय से मानसिक तनाव से गुजर रही थी. उन्होंने बताया कि घटना के समय पिता अरदास कर रहे थे और वहीं लाइसेंसी पिस्टल रखी हुई थी, जिसे उठाकर स्नेहदीप ने गोली चला दी. घायल पिता को इलाज के लिए अमृतसर के गुरु नानक देव अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
परिवार ने कही मानसिक परेशानी की बात
परिवार ने मीडिया से बातचीत में कहा कि कुछ जगहों पर चल रही ऑस्ट्रेलिया जाने की बात पूरी तरह गलत है और इस मामले से उसका कोई संबंध नहीं है. परिवार ने पुलिस से अपील की है कि एफआईआर रद्द कर उनकी बेटी को रिहा किया जाए, क्योंकि वह मानसिक रूप से स्वस्थ नहीं है.
पुलिस के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही थाना खलचियां के मुख्य अधिकारी मुख्तियार सिंह मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की गई. उन्होंने बताया कि 14 तारीख को उन्हें सूचना मिली थी कि एक लड़की ने अपने पिता को गोली मार दी है.
पुलिस जांच में सामने आए शुरुआती कारण
एसएचओ मुख्तियार सिंह ने कहा कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि लड़की विदेश जाना चाहती थी और आधुनिक तरीके से रहना पसंद करती थी, जो उसके पिता को पसंद नहीं था. उन्होंने यह भी बताया कि पहले भी इसी बात को लेकर पिता द्वारा उसके साथ मारपीट की गई थी.
पुलिस ने जिस हथियार से गोली चलाई गई, उसे कब्जे में ले लिया है. आरोपी युवती को हिरासत में लेकर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है. पूरे मामले की जांच लगातार जारी है.