चीन की मंदी अब भारतीय बाजार के लिए संकट बन गई है. सोमवार को शेयर बाजार में ऐसी सुनामी आई कि सेंसेक्स धड़ाम से गिर गया. इस उथल-पुथल में निवेशकों के सात लाख करोड़ रुपये स्वाहा हो गए. बाजार हाहाकार के साथ इतिहास की सबसे बड़ी गिरावट 1600 से ज्यादा अंक लुढ़ककर बंद हुआ, हालांकि वित्त मंत्री अरुण जेटली को भरोसा है कि आने वाले समय में बाजार में सुधार होगा.
घपलों और घोटालों के कारण चर्चाओं में आए व्यापम कार्यालय के खराब फर्नीचर की मरम्मत के दौरान एक टेबल की दराज से नोटों की गड्डियां और लेन देन से संबंधित दस्तावेज मिले हैं. 11 लाख 90 हजार रुपये की नगद राशि के अलावा दराज से एक चेक भी मिला है.
मोदी सरकार अपने 'अच्छे दिन' के वादे से सीधे-सीधे पलट गई है. केंद्रीय मंत्री नरेंद्र तोमर ने 'अच्छे दिन' के नारे को सोशल मीडिया की उपज बताया और कहा कि सरकार ने कभी भी ऐसा वादा नहीं किया.
पाकिस्तान के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार सरताज अजीज ने दोनों देशों के बीच एनएसए स्तर की बातचीत रद्द होने का दोष दिल्ली पर मढ़ा है. 'इंडिया टुडे' से एक्सक्लूसिव बातचीत में उन्होंने दोहराया कि कश्मीर पर बात किए बिना दोनों देशों के बीच बातचीत नहीं हो सकती.
उधमपुर हमले के गुनहगार और पाकिस्तान के आतंकी नवेद के खुलासे पर एनआईए ने डोजियर तैयार किया है. पूछताछ के दौरान नवेद ने कबूल किया है कि उसके अलावा 18 और आतंकियों ने घुसपैठ की थी.