प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह गुटनिरपेक्ष शिखर सम्मेलन के इतर यहां गुरुवार शाम पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी से मिले. दोनों के बीच लगभग 30 से 35 मिनट तक बातचीत हुई.
गुजरात के मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी को अपने राज्य की महिलाओं के अधिक कुपोषित होने की टिप्पणी करने को लेकर चारों ओर से आलोचना का सामना करना पड़ा.
केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अंबिका सोनी ने मोदी की आलोचना करते हुए कहा कि दुनिया के सबसे अच्छे प्रशासकों में अपना नाम गिनाने वाले गुजरात के मुख्यमंत्री महिलाओं के बारे में इस तरह के बचकाना बयान दे रहे हैं और इस मुद्दे को हल्के में ले रहे हैं.
राजद नेता लालू प्रसाद ने कहा कि मोदी को इस्तीफा दे देना चाहिए और लोगों से माफी मांगनी चाहिए क्योंकि उनकी एक पूर्व मंत्री 2002 के दंगों के मामले में दोषी पाई गई हैं.
भारतीय क्रिकेट टीम श्रृंखला के दूसरे और अंतिम टेस्ट मैच में शुक्रवार को एम.चिन्नास्वामी स्टेडियम में न्यूजीलैंड के खिलाफ 'क्लीन स्वीप' के इरादे से उतरेगी. कीवी टीम 17 वर्ष बाद इस मैदान पर भारत के साथ खेलेगी. हैदराबाद में खेले गए पहले टेस्ट मैच में न्यूजीलैंड के बल्लेबाज भारत के स्पिन आक्रमण के आगे नतमस्तक हो गए थे.
गुजरात में जामनगर के निकट वायुसेना के दो हेलीकॉप्टरों के हवा में आपस में टकराकर दुर्घटनाग्रस्त होने से वरिष्ठ पायलटों समेत सहित नौ रक्षाकर्मियों की मौत हो गई. दोनों हेलीकॉप्टर प्रशिक्षण उड़ान पर थे.
संप्रग अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अतिवृष्टि से प्रभावित लोगों से यहां मदरामपुरा स्थित राहत शिविर में जाकर भेंट की और उनकी समस्याएं सुनने के बाद हरसंभव मदद पहुंचाने का आश्वासन दिया.
समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच दोस्ती और दूरी का रिश्ता कोई नयी बात नहीं है.रिश्तों के उतार चढ़ाव के बीच सपा नेता मुलायम सिंह यादव ने वाम दलों तथा तेलगूदेशम पार्टी के साथ हाथ मिलाकर कोयला ब्लॉक आवंटन के मामले में उच्चतम न्यायालय से जांच कराने की मांग की.
राज ठाकरे के नेतृत्व वाले मनसे ने कलर्स चैनल को चेतावनी दी है कि आठ सितम्बर को उस कार्यक्रम को प्रसारित नहीं करें जिसमें मशहूर गायिका आशा भोसले पाकिस्तानी गायक के साथ कार्यक्रम देंगी.
मनसे ने चेतावनी दी है कि अगर उसने कार्यक्रम को प्रसारित किया तो वह चैनल की शूटिंग में बाधा डालेगी. महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना की फिल्म शाखा ने भोसले से भी आग्रह किया कि शो में वह पाकिस्तानी गायकों का साथ नहीं दें.
भारत को अंडर-19 विश्व कप दिलाने में अहम भूमिका निभाने वाले भारतीय क्रिकेट के उदीयमान सितारे उन्मुक्त चंद का कम उपस्थिति के कारण कालेज में एक साल बर्बाद हो सकता है. भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी और खेल मंत्री अजय माकन ने उन्मुक्त का का पक्ष लिया है.
ऐसे में मानव संसाधन विकास मंत्री कपिल सिब्बल ने भी इस मामले में दिलचस्पी दिखायी. उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के कुलपति दिनेश सिंह से बात की और पता चला कि उन्होंने कहा कि इस क्रिकेटर के मामले में उसका पक्ष लिया जाना चाहिए.