कर्नाटक में शनिवार को चुनी हुई सरकार शपथ लेने जा रही है. राज्य के 30वें मुख्यमंत्री के तौर सिद्धारमैया अपने दूसरे कार्यकाल की शुरुआत करने वाले हैं. कर्नाटक में 13 मई को नतीजे आए थे. कांग्रेस ने 135 सीटों पर जीत हासिल की. वहीं बीजेपी ने 66 और जेडीएस ने 19 सीटें जीतीं. बहुमत का आंकड़ा हासिल करने के बाद कांग्रेस ने सीएम चुनने के लिए लंबा मंथन किया, जिसमें काफी सोच विचार के बाद सिद्धारमैया को सीएम कुर्सी सौंपी गई और डीके शिवकुमार डिप्टी सीएम की सीट पर बैठाए गए हैं. हालांकि पहले ऐसी चर्चाएं थीं कि राज्य में कांग्रेस तीन डिप्टी सीएम का फॉर्मूला अपना सकती है, लेकिन अब डीके शिवकुमार ही एकमात्र डिप्टी सीएम होंगे.
राज्यपाल के सामने सरकार बनाने का दावा कर चुके हैं पेश
सिद्धारमैया इससे पहले साल 2013 से 2018 तक पहला सीएम कार्यकाल देख चुके हैं. बताया जा रहा है कि सिद्धारमैया डीके के साथ 25 26 विधायक भी मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं. इनमें डीके और सिद्धारमैया दोनों के खेमे से वफादार विधायक शामिल होंगे. कांग्रेस के सीएम पद के ऐलान के बाद बेंगलुरु में विधायक दल की बैठक हुई. इस बैठक में कर्नाटक के कांग्रेस प्रभारी ने सिद्धारमैया को विधायक दल का नेता चुने जाने का प्रस्ताव रखा. इस पर सभी विधायकों ने सहमति जताते हुए सिद्धारमैया को विधायक दल का नेता चुन लिया था. इसके बाद सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार ने राज्यपाल थावरचंद गहलोत से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश किया था.
दोपहर 12:30 बजे शपथ लेंगे सिद्धारमैया
राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने सिद्धारमैया और शिवकुमार को अपने सहयोगियों के साथ 20 मई को दोपहर 12.30 बजे शपथ लेने का आमंत्रण दिया है. शपथ ग्रहण समारोह कांतीरवा स्टेडियम में आयोजित किया जा रहा है. इसके लिए अधिकारि बीते मंगलवार से ही जुटे हैं. कांग्रेस इस शपथ ग्रहण के जरिए विपक्षी एकता भी दिखाना चाहती है, ऐसे में मेहमानों के स्वागत की भी तैयारियां पूरी हो गई हैं. डीके ने स्टेडियम पहुंचकर शपथ ग्रहण की तैयारियों का जायजा भी लिया.
यह भी पढ़िएः केसीआर, ममता, केजरीवाल, पवार...विपक्ष की ‘एकता मुहिम’ में कितनीं दरार?
ये मंत्री ले सकते हैं शपथ
सिद्धारमैया की कैबिनेट में 25 से 26 मंत्री शपथ ले सकते हैं. हालांकि अभी 10 ही लोगों की लिस्ट सामने आई है. बताया जा रहा है कि परमेश्वर, रामलिंग रेड्डी, केजे जॉर्ज, एचके पाटिल, एमबी पाटिल, सतीश जरकीहोली, यूटी कधार, लक्ष्मी हेब्बलकर , टीबी जयचंद्र, एचसी महादेवप्पा मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं. माना जा रहा है कि कांग्रेस 2024 लोकसभा चुनाव को देखते हुए कैबिनेट की लिस्ट तैयार कर रही है.
शपथ ग्रहण समारोह मे शामिल होंगे ये नेता
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कई मुख्यमंत्रियो और नेताओं को निमंत्रण दिया है और उन्हें व्यक्तिगत रूप से इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है. खड़गे ने तमिलनाडु के सीएम एमके स्टालिन, पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी, बिहार के सीएम नीतीश कुमार और डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव, एनसीपी चीफ शरद पवार, महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे, एनसी चीफ फारूक अब्दुल्ला को न्योता भेजा है. झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन को भी शपथ ग्रहण समारोह में बुलाया गया है. इसके अलावा सीपीआई महासचिव डी राजा, सीपीआई एम के महासचिव सीताराम येचुरी को सपा चीफ अखिलेश यादव को भी बुलाया गया है.
केसीआर ने कसा है तंज
तेलंगाना सीएम केसीआर ने कर्नाटक में कांग्रेस की जीत को लेकर भी तंज कसा है. तेलंगाना सीएम केसीआर ने कहा कि 'हाल ही में आपने कर्नाटक चुनाव देखा है, बीजेपी सरकार हार गई और कांग्रेस सरकार जीत गई. कोई जीत गया, कोई हार गया. लेकिन क्या बदलेगा? क्या कोई बदलाव होगा? नहीं, कुछ बदलने वाला नहीं है. पिछले 75 सालों से कहानी दोहराई जाती रहती है, लेकिन उनमें कोई बदलाव नहीं है.
सीएम ममता नहीं होंगी शामिल
सीएम ममता बनर्जी ने कर्नाटक में सिद्धारमैया के शपथ ग्रहण में अपनी सांसद प्रतिनिधि को भेजने का फैसला किया है, जबकि वह इस कार्यक्रम में आमंत्रित थीं. उन्होंने कर्नाटक के सीएम के शपथग्रहण समारोह से दूरी बनाते हुए अपनी प्रतिनिधि को कार्यक्रम में भेजने का फैसला किया है. इसकी जानकारी देते हुए सांसद डेरेक ओब्रायन ने कहा कि टीएमसी सांसद काकोली घोष दस्तीदार बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की ओर से कर्नाटक के मनोनीत मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के शपथग्रहण समारोह में शामिल होंगी.