संयुक्त राष्ट्र की खाद्य एवं कृषि संस्था फूड एंड एग्रीकल्चर ऑर्गेनाइजेशन (FAO) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को वर्ष 2026 के लिए अपने सर्वोच्च सम्मान ‘एग्रीकोला मेडल’ से सम्मानित किया है. यह सम्मान रोम स्थित FAO मुख्यालय के ऐतिहासिक प्लेनरी हॉल में आयोजित समारोह में एफएओ के महानिदेशक क्यू डोंग्यू ने प्रधानमंत्री मोदी को प्रदान किया.
FAO के महानिदेशक क्यू डोंगयू ने प्रधानमंत्री मोदी को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान लोगों के कल्याण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता, कृषि उत्पादकता बढ़ाने वाली ऐतिहासिक योजनाओं, खाद्य सुरक्षा को मजबूत करने और किसानों के जीवन स्तर में सुधार के लिए किए गए प्रयासों के सम्मान में दिया गया है.
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने भूख और गरीबी से लड़ने, वैश्विक खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने और संयुक्त राष्ट्र के सतत विकास लक्ष्यों (SDGs) को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है. इसके अलावा भारत की जी20 अध्यक्षता के दौरान कृषि को वैश्विक एजेंडे में प्राथमिकता देने के उनके प्रयासों की भी सराहना की गई.
FAO प्रमुख ने भारत के कृषि क्षेत्र में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व और दूरदर्शिता की जमकर तारीफ की. उन्होंने कहा कि किसान-केंद्रित, नवाचार आधारित और परिवर्तनकारी नीतियों ने भारत की कृषि व्यवस्था को नई दिशा दी है.
क्यू डोंगयू ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने खाद्य और कृषि क्षेत्र में बड़े पैमाने पर योजनाएं लागू की हैं, जिनका व्यापक असर देखने को मिला है. उन्होंने विशेष रूप से भारत की वित्तीय समावेशन योजनाओं, कोविड महामारी के बाद 80 करोड़ लोगों तक पहुंचने वाले दुनिया के सबसे बड़े खाद्य सुरक्षा नेटवर्क और 11 करोड़ से अधिक किसानों को सीधे आय सहायता देने वाली योजनाओं का उल्लेख किया.
उन्होंने प्राकृतिक और पुनर्योजी खेती को बढ़ावा देने के भारत के प्रयासों की भी सराहना की. साथ ही पोषक तत्वों से भरपूर मोटे अनाज यानी मिलेट्स को वैश्विक स्तर पर लोकप्रिय बनाने में भारत की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया. FAO ने अंतरराष्ट्रीय मिलेट वर्ष के आयोजन में भारत और FAO की साझेदारी को उल्लेखनीय उपलब्धि बताया.
FAO महानिदेशक ने कहा कि भारत ने G20 अध्यक्षता के दौरान डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर को 'ग्लोबल पब्लिक गुड' के रूप में स्थापित करने की दिशा में ऐतिहासिक पहल की. इससे विकासशील देशों में डिजिटल तकनीकों तक पहुंच आसान होगी और सेवाओं की बेहतर डिलीवरी के साथ समुदायों को सशक्त बनाने में मदद मिलेगी. उन्होंने कहा कि इन सतत प्रयासों के कारण भारत करोड़ों लोगों को गरीबी से बाहर निकालने में सफल रहा है.
इस मेडल को भारत के अन्नदाताओं को समर्पित करता हूं: PM
सम्मानित किए जाने के बाद पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर संगठन का आभार व्यक्त किया. उन्होंने लिखा, 'मैं बड़ी विनम्रता के साथ FAO के एग्रीकोला मेडल को स्वीकार करता हूं. इस सम्मान के लिए मैं FAO का ह्रदय से आभार व्यक्त करता हूं. मैं इस मेडल को भारत के अन्नदाताओं को समर्पित करता हूं. यह भारत के करोड़ों किसानों, पशुपालकों, मत्स्य पालकों, कृषि वैज्ञानिकों और श्रमिकों का सम्मान है. यह भारत की उस अटूट प्रतिबद्धता का भी सम्मान है, जिसके केंद्र में मानव कल्याण, खाद्य सुरक्षा और Sustainable Development है.'