भारतीय रेलवे ने मंगलवार को गुरु कृपा यात्रा के मौके पर भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन लॉन्च करने का फैसला किया. इस टूर पैकेज के तहत आपको सिख धर्म के कई धार्मिक स्थलों के दर्शन करने का मौका मिलेगा. इस पैकेज की शुरुआत 5 अप्रैल को लखनऊ से होगी. 10 रात और 11 दिन के इस पैकेज के तहत आपको पांच पवित्र तख्तों के दर्शन करने का मौका भी मिलेगा.
इन गुरुद्वारे में टेक पाएंगे माथा
इस टूर पैकेज की शुरुआत लखनऊ से 5 अप्रैल को होगी. वहीं, इस पैकेज का अंत 15 अप्रैल को होगा. इस पैकेज के तहत आपको आनंदपुर साहिब में श्री केसगढ़ साहिब गुरुद्वारा और विरासत-ए-खालसा, कीरतपुर साहिब में गुरुद्वारा श्री पातालपुरी साहिब, सरहिंद में गुरुद्वारा श्री फतेहगढ़ साहिब, अमृतसर में श्री अकाल तख्त साहिब और श्री हरमंदिर साहिब, बठिंडा में श्री दमदमा साहिब, तख्त सचखंड श्री हजूर साहिब नांदेड़ में , बीदर में गुरुद्वारा श्री गुरु नानक झिरा साहिब और पटना में तख्त श्री हरमंदिर जी पटना साहिब के दर्शन करने का मौका मिलेगा.
तीन कैटेगरी के तहत करा पाएंगे बुकिंग
इस भारत गौरव ट्रेन में नौ स्लीपर क्लास कोच, 1 एसी थर्ड कोच और 1 एसी-2 कोच लगा होगा. आईआरसीटीसी तीन कैटेगरी के तहत इस पैकेज में बुकिंग कराने का मौका दे रहा है. पैकेज कैटेगरी इस प्रकार हैं- स्टैंडर्ड, सुपीरियर और कंफर्ट. इस पैकेज की क्षमता 678 यात्रियों की है.
पैकेज में शामिल होंगी ये चीजें
अगर आप इस पैकेज के तहत बुकिंग करते हैं तो आपके टिकट का किराया, ऑन बोर्ड और ऑफ बोर्ड खाने की जिम्मेदारी, क्वालिटी होटलों में रुकने की व्यवस्था, एक स्थान से दूसरे स्थान जाने के लिए गाड़ी की व्यवस्था सब पैकेज में शामिल होगा. इसी के साथ, ट्रैवल इंश्योरेंस, ट्रेन में सिक्यूरिटी और हाउसक्पींग की व्यवस्था भी होगी. इस यात्रा के दौरान किसी-किसी गुरुद्वारे पर लगंर में हिस्सा लेने की भी व्यवस्था होगी.