scorecardresearch
 

Aaj Ki Taza Khabar: पढ़ें 20 फरवरी 2026 की सुबह की टॉप खबरें और अन्य समाचार

पाकिस्तान के PM शहबाज शरीफ ने यूएस प्रेसिंडेट ट्रंप को शांति दूत बताया. वहीं, शिलॉन्ग से लोकसभा सांसद रिकी एंड्रयू जे सिंगकों का निधन हो गया है.

Advertisement
X
गाजा पीस बोर्ड की बैठक के मंच का उपयोग शहबाज ने ट्रंप को मक्खन लगाने के लिए किया  (File Photo: PTI)
गाजा पीस बोर्ड की बैठक के मंच का उपयोग शहबाज ने ट्रंप को मक्खन लगाने के लिए किया (File Photo: PTI)

आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taza Khabar), 20 फरवरी, 2026 की खबरें और समाचार: गाज़ा पीस बोर्ड की पहली बैठक में पाकिस्तान के PM शहबाज शरीफ ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को शांति दूत बताया. वहीं, मेघालय के शिलॉन्ग से लोकसभा सांसद रिकी एंड्रयू जे सिंगकों का फुटसल खेलते समय निधन हो गया. पढ़ें शुक्रवार सुबह की बड़ी खबरें.

'आप साउथ एशिया के सेवियर हैं, आप जैसा कोई नहीं...', शहबाज शरीफ ने फिर ट्रंप को लगाया मक्खन

गाज़ा पीस बोर्ड की पहली बैठक में पाकिस्तान के PM शहबाज शरीफ ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को शांति दूत बताया. उन्होंने राष्ट्रपति ट्रंप को साउथ एशिया का सेवियर बताया और यह तक कह दिया कि आप जैसा कोई नहीं है. शरीफ ने भारत के साथ युद्ध जैसे हालात के समय ट्रंप की भूमिका की तारीफ की और युद्ध रुकवाने के उनके दावों को भी सही ठहराया.

फुटसल खेलते-खेलते गिर पड़े मेघालय के सांसद रिकी एंड्रयू जे सिंगकों, अस्पताल में न‍िधन

मेघालय के शिलॉन्ग से लोकसभा सांसद रिकी एंड्रयू जे सिंगकों का फुटसल खेलते समय अचानक गिरने के बाद निधन हो गया. सिंगकों वॉइस ऑफ द पीपल पार्टी के प्रमुख नेताओं में गिने जाते थे. सिंगकों को खास तौर पर खासी-जयंतिया हिल्स क्षेत्र में उनकी सक्रिय मौजूदगी और जनसंपर्क के लिए भी जाना जाता था. CM कोनराड संगमा ने सिंगकों के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया.

Advertisement

Delhi Traffic Advisory: दिल्‍ली में आज इन रास्तों पर जाने से बचें, कई रूट डायवर्ट, पढ़ें ट्रैफिक एडवाइजरी

दिल्ली पुलिस ने भारत मंडपम में चल रहे AI Impact Summit 2026 को देखते हुए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है. एडवाइजरी के मुताबिक, शुक्रवार को सुबह 8 बजे से 10 बजे तक और शाम 5 बजे से रात 9 बजे तक खास ट्रैफिक व्यवस्था और रूट डायवर्जन लागू रहेगा. इस दौरान सेंट्रल दिल्ली और डिप्लोमैटिक एरिया की कई अहम सड़कों पर ट्रैफिक प्रभावित हो सकता है.

23 फरवरी से चलेगी अलीपुरद्वार-पनवेल अमृत भारत एक्सप्रेस, देखें रूट और टाइम शेड्यूल

अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन 23 फरवरी 2026 से पनवेल से अलीपुरद्वार और 26 फरवरी से अलीपुरद्वार से पनवेल के लिए नियमित शुरू हो जाएगी. PM मोदी ने 17 जनवरी को हरी झंडी दिखाकर इस ट्रेन का शुभारंभ किया था. अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस यह ट्रेन नॉर्थ ईस्ट बिहार और महाराष्ट्र के यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण साबित होगी.

UP: आज सुल्तानपुर पहुंचेंगे राहुल गांधी, MP-MLA कोर्ट में दर्ज करवाएंगे अपना बयान

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी आज सुल्तानपुर की MP-MLA कोर्ट में अमित शाह पर कथित टिप्पणी से जुड़े मानहानि मामले में बयान दर्ज कराएंगे. अदालत की ओर से उन्हें बयान दर्ज कराने के लिए 20 फरवरी को आखिरी मौका दिया गया है. 26 जुलाई 2024 को राहुल गांधी इस मामले में अदालत में पेश हुए थे, लेकिन कई तारीखों पर गैर-मौजूद रहे.

Advertisement

ब्रिटेन: किंग चार्ल्स के छोटे भाई एंड्रयू 11 घंटे बाद रिहा, एपस्टीन केस में पुलिस ने किया था अरेस्ट

सार्वजनिक पद के दुरुपयोग के आरोप में गिरफ्तार ब्रिटेन के किंग चार्ल्स III के छोटे भाई और पूर्व प्रिंस एंड्रयू को रिहा कर दिया गया है. हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि उन्हें आरोपमुक्त नहीं किया गया है और वे अब भी जांच के दायरे में हैं. एंड्रयू पर आरोप है कि उन्होंने कुख्यात यौन अपराधी जेफरी एपस्टीन को सरकारी गोपनीय दस्तावेज भेजे थे.

गाजा पर ट्रंप की ‘बोर्ड ऑफ पीस’ की पहली बैठक... भारत ने ऑब्जर्वर के तौर पर की शिरकत

गाजा संकट पर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की पहल ‘बोर्ड ऑफ पीस’ की पहली बैठक में भारत ने गुरुवार को पर्यवेक्षक  के रूप में हिस्सा लिया. भारत इस पहल का औपचारिक सदस्य नहीं है, लेकिन वॉशिंगटन डीसी में आयोजित बैठक में नई दिल्ली का प्रतिनिधित्व किया गया. इस वर्ष घोषित किए गए इस बोर्ड में 27 देश शामिल हैं.
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement