वन नेशन-वन इलेक्शन' के प्रस्ताव को मोदी कैबिनेट से मंजूरी मिल गई है और संसद में इसे शीतकालीन सत्र में पेश किया जाएगा. बता दें कि इस पर कोविंद कमेटी ने रिपोर्ट दी है. लेबनान और सीरिया में एक साथ कई शहरों में पेजर ब्लास्ट से हड़कंप मचा है. कई शहरों में सैंकड़ों पेजर करीब घंटे भर के अंतराल में फट गए. ताजा आंकड़ों के मुताबिक 12 लोग मारे गए हैं. पढ़िए बुधवार शाम की 5 बड़ी खबरें...
'वन नेशन-वन इलेक्शन' प्रस्ताव को मोदी कैबिनेट की मंजूरी, शीतकालीन सत्र में होगा पेश
वन नेशन-वन इलेक्शन' के प्रस्ताव को मोदी कैबिनेट से मंजूरी मिल गई है और संसद में इसे शीतकालीन सत्र में पेश किया जाएगा. बता दें कि इस पर कोविंद कमेटी ने रिपोर्ट दी है. बता दें कि पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के नेतृत्व वाली समिति ने वन नेशन वन इलेक्शन की संभावनाओं पर मार्च में अपनी रिपोर्ट सौंप दी थी. इस रिपोर्ट में जो सुझाव दिए गए हैं, उसके मुताबिक पहले कदम के रूप में लोकसभा और राज्य विधानसभाओं के चुनाव एक साथ कराए जाने चाहिए. समिति ने आगे सिफारिश की है कि लोकसभा और राज्य विधानसभा चुनाव एक साथ संपन्न होने के 100 दिन के भीतर स्थानीय निकाय चुनाव भी हो जाने चाहिए. इससे पूरे देश में एक निश्चित समयावधि में सभी स्तर के चुनाव संपन्न कराए जा सकेंगे. वर्तमान में, राज्य विधानसभाओं और लोकसभा के चुनाव अलग-अलग आयोजित किए जाते हैं.
'वन नेशन-वन इलेक्शन' को खड़गे ने बताया संविधान के खिलाफ, ओवैसी बोले- हमें अलग-अलग चुनाव से दिक्कत नहीं
मोदी कैबिनेट ने 'वन नेशन-वन इलेक्शन' के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है. इसे संसद में शीतकालीन सत्र में पेश किया जाएगा. इस प्रस्ताव का जहां विपक्ष के नेताओं ने विरोध किया है, वहीं NDA में शामिल पार्टी इसका समर्थन कर रही हैं. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने इसकी व्यावहारिकता पर सवाल उठाए हैं, वहीं, असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि यह संघवाद को खत्म करने वाला प्रस्ताव है.
चंद्रयान-मंगलयान की सफलता के बाद अंतरिक्ष में भारत की नई उड़ान, वीनस मिशन को कैबिनेट की मंजूरी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली कैबिनेट ने आज इसरो के लिए महत्वपूर्ण घोषणा कीं. कैबिनेट ने शुक्रयान यानी वीनस ऑर्बिटर मिशन (Venus Orbiter Mission - VOM) ने हरी झंडी दे दी है. चंद्रयान और मंगलयान की सफलता के बाद अब टारगेट है शुक्र ग्रह की स्टडी का. शुक्र हमारे ग्रह से नजदीक है. इसलिए इसकी स्टडी से नई जानकारियां मिलेंगी.
लेबनान और सीरिया में एक साथ कई शहरों में पेजर ब्लास्ट से हड़कंप मचा है. कई शहरों में सैंकड़ों पेजर करीब घंटे भर के अंतराल में फट गए. ताजा आंकड़ों के मुताबिक 12 लोग मारे गए हैं. इनमें 10 हिज्बुल्लाह के लडाके शामिल हैं. वहीं करीब 4000 से ज्यादा लोग जख्मी बताए जा रहे हैं. इस पेजर हमले के बाद हिज्बुल्लाह ने इजरायल पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि इस साजिश के पीछे उसकी खुफिया एजेंसी मोसाद है. हिज्बुल्लाह ने बदला लेने की धमकी दी है.
दिल्ली: 21 सितंबर को मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकती हैं आतिशी, LG ने राष्ट्रपति को भेजा प्रस्ताव
दिल्ली (Delhi) के उपराज्यपाल ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का इस्तीफा और आतिशी द्वारा नई सरकार बनाने का दावा पेश करने का पत्र राष्ट्रपति को भेज दिया है. बता दें कि आतिशी ने मुख्यमंत्री पद के शपथ ग्रहण के लिए कोई तारीख नहीं मांगी, इसलिए दिल्ली के उपराज्यपाल ने नए मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण की तारीख 21 सितंबर प्रस्तावित की है. आतिशी ने कहा कि वह अपने कैबिनेट मंत्रियों के नाम बाद में सौंपेंगी, जिसका मतलब है कि अभी तक कैबिनेट तय नहीं हुई है और पूरी संभावना है कि वह अकेले ही शपथ लेंगी.