scorecardresearch
 

Aaj Ki Taza Khabar: पढ़ें 15 मार्च 2026 की शाम की टॉप खबरें और अन्य समाचार

देश और दुनिया में कई अहम घटनाएं चर्चा में हैं. निर्वाचन आयोग ने असम, केरल, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान किया है, जिसमें बंगाल में 35 साल बाद दो चरणों में मतदान होगा. वहीं आईसीसी चेयरमैन जय शाह ने टी20 वर्ल्ड कप को लेकर बड़ा बयान दिया है.

Advertisement
X
भारत के निर्वाचन आयोग ने बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव के तारीखों का ऐलान किया. (Photo: PTI)
भारत के निर्वाचन आयोग ने बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव के तारीखों का ऐलान किया. (Photo: PTI)

निर्वाचन आयोग ने असम, केरल, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी में होने वाले विधानसभा चुनावों की तारीखों का ऐलान कर दिया है. पश्चिम बंगाल में 35 साल बाद दो चरणों में विधानसभा चुनाव संपन्न हो रहे हैं. इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) के चेयरमैन जय शाह ने हाल ही में खत्म हुए आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप को लेकर कहा कि कोई भी टीम संगठन से बड़ी नहीं होती. संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के फुजैरा से भारतीय ध्वज वाला एक कच्चे तेल का टैंकर सुरक्षित रूप से रवाना हो गया है. इस साल का एकेडमी अवॉर्ड्स न केवल मनोरंजन का जश्न है, बल्कि हॉलीवुड के लिए एक बड़ा इम्तिहान भी है. युद्ध में फंसे ईरान की दो डॉक्यूमेंट्री फिल्म- 'कटिंग थ्रू रॉक्स' और फीचर फिल्म 'इट वाज जस्ट एन एक्सीडेंट' भी नॉमिनेशन में हैं. अरविंद केजरीवाल ने शराब घोटाला मामले में सीबीआई की याचिका पर सुनवाई कर रहीं दिल्ली हाई कोर्ट की जज स्वर्णकांता शर्मा को बदलने की मांग को लेकर सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की है. पढ़ें रविवार शाम की बड़ी खबरें...

1. चार राज्यों में एक, बंगाल में दो चरणों में मतदान... जानें चुनावों की तारीख और कब आएंगे परिणाम 

भारत निर्वाचन आयोग ने असम, केरल, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में होने वाले विधानसभा चुनावों की तारीखों का ऐलान कर दिया है. मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने रविवार (15 मार्च, 2026) को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में चुनाव कार्यक्रमों और तैयारियों की जानकारी दी. असम, केरल और पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव के लिए 9 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे. वहीं, तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए 23 अप्रैल को मतदान होगा. पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के लिए दो चरणों में 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे. इन सभी राज्यों के चुनाव नतीजे 4 मई, 2026 को एकसाथ जारी होंगे.

2. बंगाल में इस बार 8 की बजाय 2 चरणों में क्यों हो रही वोटिंग? 35 साल बाद इतना बड़ा बदलाव

Advertisement

भारत के निर्वाचन आयोग ने पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी में विधानसभा चुनावों का कार्यक्रम घोषित कर दिए हैं. पश्चिम बंगाल में दो फेज में चुनाव होंगे जबकि असम, तमिलनाडु, केरल और पुडेचेरी में एक फेज में चुनाव होंगे. पांचों राज्यों के चुनावी नतीजे 4 मई को आएंगे. पश्चिम बंगाल में 2021 में 8 चरणों में विधानसभा चुनाव संपन्न हुआ था और करीब एक महीने तक वोटिंग हुई थी. जहां पहला चरण 27 मार्च को शुरू हुआ था, वहीं आठवां और आखिरी चरण 29 अप्रैल को खत्म हुआ था. निर्वाचन आयोग ने इस बार सिर्फ दो चरणों में चुनाव कराने का ऐलान किया है, जिसमें पहले चरण में 152 सीटों के लिए 23 अप्रैल और दूसरे चरण में 142 सीटों के लिए 29 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे.

3. 'कोई भी टीम सगंठन से बड़ी नहीं', जय शाह ने वर्ल्ड कप का जिक्र कर पाकिस्तान-बांग्लादेश को खूब सुनाया 

इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) के चेयरमैन जय शाह ने हाल ही में खत्म हुए आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप को लेकर कहा कि कोई भी टीम संगठन से बड़ी नहीं होती. मुंबई में आयोजित एक अवॉर्ड समारोह में बोलते हुए शाह ने कहा कि टूर्नामेंट शुरू होने से पहले कई तरह की चर्चाएं और अनिश्चितताएं थीं, इसलिए यह वर्ल्ड कप खास मायने रखता है. जय शाह ने कहा, इस आईसीसी वर्ल्ड कप का बहुत महत्व था, क्योंकि टूर्नामेंट शुरू होने से पहले काफी चर्चा हो रही थी कि कुछ टीमें भाग लेंगी या नहीं और वर्ल्ड कप कैसे आयोजित होगा. किसी देश का नाम लिए बिना उन्होंने साफ कहा कि वैश्विक क्रिकेट संस्था किसी एक टीम से बड़ी होती है.

Advertisement

4. जंग के बीच UAE से सुरक्षित निकला 'जग लाडकी', भारतीय टैंकर ला रहा है इतना क्रूड ऑयल 

संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के फुजैरा से भारतीय ध्वज वाला एक कच्चे तेल का टैंकर सुरक्षित रूप से रवाना हो गया है. सरकार ने रविवार को बताया कि तेल टर्मिनल पर हमले के बावजूद जहाज ने सुरक्षित तरीके से तेल लोड किया और भारत के लिए रवाना हो गया. सरकार ने कहा कि वह पश्चिम एशिया की स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है और ईंधन आपूर्ति तथा समुद्री सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं. सरकार की ओर से जारी जानकारी के अनुसार 'जग लाडकी' नाम का जहाज करीब 80,800 टन मुर्बन कच्चा तेल लेकर फुजैरा से भारतीय समयानुसार सुबह 10 बजकर 30 मिनट पर रवाना हुआ. यह जहाज भारत की ओर आ रहा है और उसमें सवार सभी भारतीय नाविक सुरक्षित हैं. यह युद्ध प्रभावित क्षेत्र से सुरक्षित बाहर निकलने वाला चौथा भारतीय ध्वज वाला जहाज है.

5. ऑस्कर में चमका ईरानी सिनेमा, लेकिन डायरेक्टर पर लटकी गिरफ्तारी की तलवार, अमेरिका में मिलेगा सम्मान?

सिनेमा के सबसे बड़े अवॉर्ड्स में से एक ऑस्कर अवॉर्ड के 98वीं ऑस्कर अवॉर्ड सेरेमनी आज यानी रविवार 16 मार्च को लॉस एंजिल्स के डॉल्बी थिएटर में होगी. इस साल का एकेडमी अवॉर्ड्स न केवल मनोरंजन का जश्न है, बल्कि हॉलीवुड के लिए एक बड़ा इम्तिहान भी है. युद्ध में फंसे ईरान की दो डॉक्यूमेंट्री फिल्म- 'कटिंग थ्रू रॉक्स' और फीचर फिल्म 'इट वाज जस्ट एन एक्सीडेंट' भी नॉमिनेशन में हैं. एक तरफ जहां ईरान की दो फिल्में उस ग्लोबल मंच पर खड़ी हैं, जहां एक तरफ ऑस्कर की सुनहरी ट्रॉफी है और दूसरी तरफ उनके देश की रूह को झकझोर देने वाली राजनीतिक उथल-पुथल. एक तरफ जहां हॉलीवुड अक्सर दुनिया की कड़वी हकीकत से दूर अपनी जादुई दुनिया में खोया रहता है, वहीं ये ईरानी कलाकार अपने सीने में युद्ध और विरोध की आग लेकर उस मंच पर कदम रखेंगे.

Advertisement

6. दिल्ली शराब घोटाला केस सुप्रीम कोर्ट पहुंचा, अरविंद केजरीवाल ने की जज बदलने की अपील 

दिल्ली शराब घोटाला मामले में कानूनी लड़ाई अब सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच गई है. इस केस में निचली अदालत द्वारा आम आदमी प्रमुख अरविंद केजरीवाल समेत सभी आरोपियों को बरी किए जाने के आदेश को चुनौती देते हुए सीबीआई (Central Bureau of Investigation) ने दिल्ली हाई कोर्ट में अपील दायर की है. इसी मामले में अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली हाई कोर्ट में जज बदलने की मांग को लेकर सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है. अपनी याचिका में केजरीवाल ने कहा है कि इस मामले की सुनवाई फिलहाल जस्टिस स्वर्णकांता शर्मा की पीठ कर रही है, लेकिन उन्होंने आग्रह किया है कि इस मामले को किसी अन्य जज की पीठ के समक्ष स्थानांतरित किया जाए.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement