पूर्व कानून मंत्री अश्विनी कुमार ने कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया है. कर्नाटक में जारी हिजाब विवाद को लेकर इस्लामिक देशों के संगठन की ओर से आए बयान पर केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है. लखीमपुर खीरी हिंसा के आरोपी आशीष मिश्रा की रिहाई पर राकेश टिकैत ने तल्ख प्रतिक्रिया व्यक्त की है.
1- अश्विनी कुमार का कांग्रेस से इस्तीफा, सोनिया गांधी को पत्र लिखकर बोले- अपने सम्मान के लिए लिया फैसला
पूर्व केंद्रीय कानून मंत्री अश्विनी कुमार ने कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया है. उन्होंने अपना इस्तीफा सोनिया गांधी को भेज दिया है. उनके मुताबिक वे पार्टी के बाहर रहकर समाज की अब ज्यादा सेवा कर पाएंगे. उन्होंने चिट्ठी में लिखा है कि मौजूदा परिस्थिति में और अपने सम्मान के मद्देनजर वे इस्तीफा दे रहे हैं. उन्होंने कहा कि पार्टी के बाहर रहकर वे अब समाज की ज्यादा सेवा कर पाएंगे. इस बात का भी जिक्र किया गया है कि पब्लिक लाइफ में सक्रिय रहने वाले हैं.
2- मुख्तार अब्बास नकवी बोले- हिजाब पर हमें पाकिस्तान से ज्ञान की जरूरत नहीं
कर्नाटक में चल रहे हिजाब विवाद को लेकर आए मुस्लिम देशों के संगठन ऑर्गेनाइजेशन ऑफ इस्लामिक कॉर्पोरेशन के बयान पर केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कड़ी प्रतिक्रिया जाहिर की है. उन्होंने कहा कि OIC कह सकता है कि वह क्या चाहते हैं. लेकिन हमें व्यापारिक सहयोग बढ़ाने के लिए बीच में आड़े आ रही सांप्रदायिकता को आने से रोकना होगा. उन्होंने कहा कि हमारे देश के आंतरिक मामलों पर दूसरे देशों को टिप्पणी नहीं करनी चाहिए.
3- आशीष मिश्रा की रिहाई पर बोले राकेश टिकैत- क्या देश में नॉर्थ कोरिया बनाकर किम जोंग उन पैदा करना चाहते हैं?
किसान नेता टिकैत ने 'आजतक' से Exclucive बातचीत में कहा, आरोपी आशीष मिश्रा को जमानत तो मिल गई है, लेकिन अब हम बड़ी अदालत में जाएंगे और अपनी बात रखेंगे. गुस्साए किसान नेता आगे बोले कि यह जनता को समझना होगा कि क्या वो देश में उत्तर कोरिया बनाकर किम जोंग उन (Kim Jong-un) पैदा करना चाहती है?
4- बिहार बोर्ड ने जारी की एग्जाम गाइडलाइंस, जूते-मोजे पहनने की रहेगी अनुमति
बिहार स्कूल एग्जामिनेशन बोर्ड (BSEB) ने 17 से 24 फरवरी, 2022 के बीच होने जा रही मैट्रिक की परीक्षा के लिए जरूरी गाइडलाइंस जारी कर दी हैं. इस साल, बोर्ड को लगभग 8,27,288 परीक्षार्थी एग्जाम में शामिल होने की उम्मीद है, जिनमें से 4,04,207 लड़कियां और 4,23,081 लड़के होंगे. वहीं दूसरे ग्रुप में कुल 8,21,606 स्टूडेंट होंगे, जिनमें से 4,02,498 लड़कियां और 4,19,108 लड़के होंगे.
5- लखनऊ में होगा भारत-श्रीलंका का पहला टी-20, BCCI ने जारी किया नया शेड्यूल
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने श्रीलंका के खिलाफ घरेलू सीरीज के लिए शेड्यूल में बदलाव की घोषणा की है. श्रीलंकाई टीम पहले टी20 सीरीज खेलेगी, जिसमें तीन मैच आयोजित होंगे. खास बात ये है कि इस बार उत्तर प्रदेश के लखनऊ में भी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेला जाएगा, टी-20 सीरीज का पहला मैच लखनऊ में होना है. टी-20 सीरीज के बाद दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जाएगी, जो आईसीसी विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप 2021-23 का हिस्सा होगी.