scorecardresearch
 

महाराष्ट्र: खेल के मैदान में मिला मानव कंकाल, दहशत में लोग

महाराष्ट्र के पालघर जिले के वसई स्थित आनंद नगर ग्राउंड में बिना सिर वाला मानव कंकाल और एक खोपड़ी मिलने से हड़कंप मच गया. रविवार शाम खेल रहे बच्चों ने अवशेष देखे और स्थानीय लोगों को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने कंकाल और खोपड़ी को जांच के लिए भेज दिया है.

Advertisement
X
पालघर में मानव कंकाल मिलने से सनसनी. (File Photo: ITG)
पालघर में मानव कंकाल मिलने से सनसनी. (File Photo: ITG)

महाराष्ट्र के पालघर जिले में एक खेल के ग्राउंड से बिना सिर वाला मानव कंकाल और खोपड़ी मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. यह मामला वसई क्षेत्र के आनंद नगर इलाके का है, जहां रविवार शाम कुछ बच्चे ग्राउंड में खेल रहे थे. खेलते समय बच्चों की नजर मैदान में पड़े मानव अवशेषों पर पड़ी, जिसके बाद उन्होंने तुरंत स्थानीय लोगों को इसकी जानकारी दी. सूचना फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और पुलिस को खबर दी गई. इस बात की जानकारी एक पुलिस अधिकारी ने एक न्यूज एजेंसी को दी.

जांच में जुटी पुलिस
अधिकारी ने बताया कि जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी है. शुरुआती जांच में मैदान से एक बिना सिर वाला मानव कंकाल और अलग से एक खोपड़ी बरामद हुई. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक मैदान में पिछले तीन दिनों के दौरान आग लगने की घटनाएं भी हुई थीं. आशंका जताई जा रही है कि आग लगने के कारण जमीन पर मौजूद कुछ हिस्से साफ हुए, जिससे ये अवशेष दिखाई दिए.

हालांकि, पुलिस अभी हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. मौके से कुछ सिक्के भी बरामद किए गए हैं, जिन्हें पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कंकाल कितने समय पुराना है और उसका संबंध किसी आपराधिक घटना से है या नहीं. फिलहाल मानव अवशेषों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है, ताकि मृतक की पहचान, उम्र और मौत के कारणों के बारे में जानकारी मिल सके.

Advertisement

इलाके में है दहशत का माहौल
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती तौर पर आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया गया है, लेकिन पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी. आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है कि क्या हाल के दिनों में किसी व्यक्ति के लापता होने की सूचना मिली थी या इलाके में किसी संदिग्ध गतिविधि को देखा गया था.

घटना के बाद आनंद नगर और आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल है. स्थानीय लोग इस बात को लेकर चिंतित हैं कि आखिर मैदान में मानव कंकाल कैसे पहुंचा. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि किसी सुराग तक पहुंचा जा सके. अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी गंभीरता से की जा रही है और फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद मामले की तस्वीर और साफ हो सकेगी.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement