scorecardresearch
 

मुंबई: सोसाइटी में बांधे कुर्बानी वाले 25 बकरे, मचा बवाल तो चले ब्लेड

मुंबई के मीरा रोड स्थित एक हाउसिंग सोसायटी में बकरी ईद से पहले लाए गए बकरों को लेकर विवाद बढ़ गया. सोसायटी परिसर में अस्थायी शेड बनाए जाने पर रहिवासियों के बीच मतभेद उभर आए. शिकायतों और प्रशासनिक कार्रवाई के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई, जिसके चलते पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर मामले पर नजर बनाए रखी है.

Advertisement
X
सोसाइटी में बांधे कुर्बानी वाले 25 बकरे, मचा बवाल तो चले ब्लेड (Photo: itg)
सोसाइटी में बांधे कुर्बानी वाले 25 बकरे, मचा बवाल तो चले ब्लेड (Photo: itg)

महाराष्ट्र में मुंबई के मीरा रोड स्थित पूनम एस्टेट क्लस्टर-1 कॉम्प्लेक्स की एक सोसायटी में बकरी ईद के लिए लाए गए बकरों को लेकर विवाद खड़ा हो गया. रविवार को दिनभर चले हंगामे के बाद रात में भी सोसायटी परिसर में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही. इस दौरान एक युवक पर अज्ञात व्यक्ति द्वारा ब्लेड से हमला किए जाने की घटना सामने आई है. मामले को लेकर काशीमीरा पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है. फिलहाल पुलिस ने सोसायटी परिसर में कड़ा बंदोबस्त तैनात किया है.

जानकारी के अनुसार, पूनम एस्टेट क्लस्टर-1 की एक सोसायटी में बकरों के लिए अस्थायी शेड तैयार किया गया था, जिसमें करीब 25 बकरे रखे गए हैं. बताया जा रहा है कि ईद तक इन बकरों को सोसायटी परिसर में रखने की अनुमति मांगी गई थी.

हालांकि, सोसायटी के हिंदू रहिवासियों का आरोप है कि मुस्लिम पदाधिकारियों ने बिना किसी आधिकारिक बैठक के बकरों के लिए शेड बनाने की अनुमति दे दी. रहिवासियों का कहना है कि बकरों के कारण उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

इसी मुद्दे को लेकर रविवार को भाजपा की स्थानीय नगरसेविका, हिंदू संगठनों के पदाधिकारी और सोसायटी के कुछ रहिवासी काशीमीरा पुलिस स्टेशन और मनपा कार्यालय पहुंचे तथा शिकायत दर्ज कराई. शिकायत के बाद मनपा प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए शेड को हटा दिया.

हालांकि, बकरे अभी भी सोसायटी परिसर में मौजूद होने के कारण रात में फिर से तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई. इस बीच सोसायटी पदाधिकारियों ने सफाई देते हुए कहा कि सोसायटी में कुर्बानी की अनुमति नहीं दी गई है, केवल ईद तक अस्थायी रूप से बकरों को रखने की अनुमति दी गई थी. वर्तमान में काशीमीरा पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है.

Advertisement

Input: प्रवीण नलवाड़े
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement