scorecardresearch
 

मुंबई एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 पर लगी आग, धुएं के गुबार से मचा हड़कंप

मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 पर गुरुवार शाम आग लगने से अफरा-तफरी मच गई. शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट को कारण माना जा रहा है. दमकल की टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया.

Advertisement
X
आग लगने के बाद एयरपोर्ट T1 पर धुएं के गुबार देखने को मिले (Photo- Screengrab)
आग लगने के बाद एयरपोर्ट T1 पर धुएं के गुबार देखने को मिले (Photo- Screengrab)

मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 पर गुरुवार शाम अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया. हालांकि राहत की बात यह रही कि आग पर जल्दी काबू पा लिया गया और एयरपोर्ट के संचालन पर कोई असर नहीं पड़ा.

मुंबई फायर ब्रिगेड के मुताबिक, आग टर्मिनल-1 की ग्राउंड प्लस तीन मंजिला इमारत में लगी थी. आग मुख्य रूप से ग्राउंड फ्लोर पर 1-B सर्कल के पास सीमित रही. घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग, पुलिस और नगर निगम की टीम मौके पर पहुंच गई. 

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर सामने आए वीडियो में एयरपोर्ट परिसर के अंदर घना धुआं फैलता हुआ दिखाई दिया, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

एयरपोर्ट प्रशासन के एक प्रवक्ता के अनुसार, आग शाम करीब 6:10 बजे लगी थी और शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट इसकी वजह मानी जा रही है. आपातकालीन टीमों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए कुछ ही मिनटों में आग बुझा दी, जिससे बड़ा हादसा टल गया और आग फैलने से रोक ली गई.

अधिकारियों ने साफ किया कि इस घटना में किसी के घायल होने या हताहत होने की कोई खबर नहीं है. आग लगने के बावजूद एयरपोर्ट की सभी उड़ानें और अन्य गतिविधियां सामान्य रूप से चलती रहीं.

Advertisement

आग लगने की सूचना मिलते ही कई दमकल गाड़ियां मौके पर भेजी गईं. करीब 6:35 बजे के आसपास पूरी स्थिति पर काबू पा लिया गया.

फिलहाल, घटना की विस्तृत जांच की जा रही है. शुरुआती तौर पर इसे शॉर्ट सर्किट का मामला माना जा रहा है, लेकिन अधिकारी सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement