scorecardresearch
 

इटैलियन मार्बल, एंटीक झूमर और नया बेडरूम... चर्चा में मुंबई मेयर के बंग्ले का रेनोवेशन, साढ़े तीन करोड़ खर्च पर उठे सवाल

मुंबई में मेयर के आधिकारिक बंगले के नवीनीकरण के लिए 3.48 करोड़ रुपये खर्च किए जाने का प्रस्ताव नागरिक स्थायी समिति ने मंजूर किया है. आरटीआई कार्यकर्ता अनिल गलगली ने पिछले वर्षों के कम खर्च की तुलना में इस बड़े खर्च पर सवाल उठाए हैं.

Advertisement
X
मुंबई में मेयर के आधिकारिक बंग्ले के रेनोवेशन के लिए साढ़े तीन करोड़ के खर्च को मंजूरी दी गई है
मुंबई में मेयर के आधिकारिक बंग्ले के रेनोवेशन के लिए साढ़े तीन करोड़ के खर्च को मंजूरी दी गई है

मुंबई में मेयर के आधिकारिक आवास के रेनोवेशन को लेकर बड़ा खर्च सामने आया है. बायकुला स्थित मेयर बंगले के रेनोवेशन के लिए '3.48 करोड़ रुपये के प्रस्ताव' को बुधवार को नागरिक स्थायी समिति ने मंजूरी दे दी है. यह बंगला नवनिर्वाचित मेयर रितु तावड़े का आधिकारिक निवास होगा.

RTI कार्यकर्ता ने लगाया आरोप
आरटीआई कार्यकर्ता अनिल गलगली ने सूचना के अधिकार के तहत इस प्रस्ताव से जुड़े दस्तावेज हासिल किए हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि यह खर्च पिछले वर्षों की तुलना में काफी ज्यादा है.

गलगली के मुताबिक,

2018–19 में मरम्मत और रखरखाव पर 85.87 लाख रुपये खर्च हुए थे.
2019–20 में यह घटकर 5.88 लाख रुपये रह गया
2020–21 में इस पर 2.93 लाख रुपये खर्च हुए थे.
2022–23 में 2.92 लाख रुपये खर्च हुए थे.

Mumbai Mayor Bangla

उन्होंने कहा कि यह एक हेरिटेज बंगला है और रहने लायक स्थिति में है. कई प्रस्तावित काम जनवरी 2026 में ही नगर निगम द्वारा कराए जा चुके हैं, ऐसे में इतने बड़े खर्च की जरूरत नहीं है. यह मेयर बंगला बायकुला में स्थित 'वीरमाता जीजाबाई भोसले उद्यान' परिसर के भीतर है. प्रस्ताव के अनुसार, इस नवीनीकरण में इंटीरियर को आधुनिक बनाने और बहाल करने पर जोर दिया जाएगा.

Advertisement

रेनोवेशन प्लान में शामिल प्रमुख काम इस प्रकार हैं:

* पूरे फर्नीचर का बदलाव
* नए टाइल्स, फिटिंग्स और सैनिटेशन सुविधाएं
* नए टॉयलेट यूनिट्स का निर्माण
* एक नया बेडरूम भी बनाना

इसके अलावा बंगले में 'एंटीक स्टाइल झूमर (chandeliers) और वेनिशियन ब्लाइंड्स' लगाए जाएंगे. ग्राउंड फ्लोर के ऑडिटोरियम को मीटिंग रूम में बदला जाएगा, जबकि किचन को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा. फर्श को 'इटैलियन मार्बल' से दोबारा बनाया जाएगा. इस खर्च को लेकर विपक्ष ने सवाल उठाए हैं. कांग्रेस पार्षद अशरफ आजमी ने कहा, 'स्थायी समिति में हमने पूछा कि मेयर बंगले का नियमित रखरखाव क्यों नहीं किया गया. क्या बिल बढ़ाकर दिखाए जा रहे हैं? हम चाहते हैं कि मेयर को सभी सुविधाएं मिलें, लेकिन जवाबदेही भी होनी चाहिए. ऐसे प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा होनी चाहिए.' कुल मिलाकर, मेयर आवास के इस महंगे नवीनीकरण को लेकर अब पारदर्शिता और खर्च की जरूरत पर बहस तेज हो गई है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement