ईरान-इजरायल युद्ध के चलते दुबई में फंसे महाराष्ट्र के मराठी पर्यटकों को सुरक्षित वापस लाने के लिए महाराष्ट्र सरकार लगातार कोशिशें कर रही है. इसी क्रम में IPF MahaHelpline सेवा को विशेष रूप से सक्रिय किया गया है, ताकि दुबई में मौजूद महाराष्ट्र के पर्यटकों को तुरंत सहायता और मार्गदर्शन मिल सके.
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण भारतीय दूतावास IPF महा हेल्पलाइन के संपर्क में है. इस हेल्प लाइन के जरिए अबतक 500 पर्यटकों को स्वदेश वापसी कराया गया है.
इस हेल्पलाइन के शुरू होने के केवल एक दिन के भीतर ही 1,200 से अधिक प्रभावित यात्रियों से सहायता के अनुरोध मिले हैं, ऐसी जानकारी दुबई से इस पहल का नेतृत्व कर रहे राहुल तुळपुळे ने दी.
महाराष्ट्र सरकार की मान्यता से शुरू की गई IPF MahaHelpline (+971503654357) सेवा यूएई के 5 शहरों में कार्यरत 20 से अधिक स्वयंसेवकों की टीम के माध्यम से 24 घंटे संचालित की जा रही है. इस हेल्पलाइन से फंसे हुए यात्रियों को होटल में ठहरने की अवधि बढ़वाने, भोजन और दवाइयों की व्यवस्था, अस्थायी आवास, परिवहन सुविधा और भारतीय दूतावास से समन्वय जैसी कई प्रकार की मदद दी जा रही है.
इसके अलावा, स्थानीय डॉक्टरों की सलाह और आवश्यक प्रिस्क्रिप्शन के माध्यम से जरूरी दवाइयां उपलब्ध कराने के लिए एक अलग चिकित्सा सहायता टीम भी कार्यरत है, जिससे यात्रियों का चल रहा इलाज बाधित न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जा रहा है.
हेल्पलाइन टीम दुबई स्थित भारतीय दूतावास के साथ लगातार संपर्क बनाए हुए है. भारतीय राजदूत और कॉन्सुल जनरल से नियमित जानकारी मिल रही है. सत्यापित और अद्यतन जानकारी प्रभावित यात्रियों तक पेशेवर ढंग से संचालित व्हाट्सएप समूहों के माध्यम से पहुंचाई जा रही है.
कई यात्री लौटे भारत
2 से 6 मार्च के दौरान दुबई के विभिन्न हवाई अड्डों से और ओमान के मस्कट से उपलब्ध उड़ानों के जरिए 500 से अधिक यात्री सुरक्षित भारत लौट चुके हैं.
हेल्पलाइन के परिवहन समन्वयक प्रसाद पाटील के नेतृत्व में फुजैराह और मस्कट जैसे वैकल्पिक प्रस्थान केंद्रों तक जाने वाले यात्रियों के लिए परिवहन की व्यवस्था की जा रही है. वहीं नीलम नांदेडकर और श्वेता करंदीकर के नेतृत्व में कार्यरत प्राथमिक सहायता टीम छोटे बच्चों, शिशुओं और वरिष्ठ नागरिकों वाले परिवारों को विशेष सहायता प्रदान कर रही है.
इस बीच भूषण चौधरी और प्रसाद दातार डेटा प्रबंधन, हेल्पलाइन के दैनिक संचालन और व्हाट्सऐप समूहों के प्रबंधन की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं, ताकि फंसे हुए यात्रियों और स्वयंसेवकों के नेटवर्क के बीच सुचारू समन्वय बना रहे.
हवाई क्षेत्र में आई बाधाओं के कारण IndiGo, SpiceJet और Air India की कई उड़ानें रद्द होने के बाद राहुल तुळपुळे (प्रमुख – IPF MahaHelpline) के नेतृत्व में टीम ने 400 से अधिक प्रभावित यात्रियों की सूची तैयार की है.
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और श्री रवींद्र चव्हाण स्थिति पर बारीकी से नजर रखे हुए हैं और फंसे हुए मराठी यात्रियों को सहायता मिले इसके लिए संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय कर रहे हैं.
सूची कॉन्सुलेट के माध्यम से संबंधित एयरलाइंस को भेजी गई है, ताकि उपलब्ध सीटों और उड़ानों में यात्रियों को प्राथमिकता देकर उन्हें जल्द से जल्द भारत वापस लाया जा सके.
उड़ानों की संख्या धीरे-धीरे बढ़ रही है. ऐसे में आने वाले कुछ दिनों में अधिक से अधिक यात्रियों को स्वदेश भेजने के लिए हेल्पलाइन की टीम महाराष्ट्र सरकार, दुबई स्थित भारतीय कॉन्सुल जनरल कार्यालय, एयरलाइंस और चार्टर ऑपरेटर्स के साथ मिलकर काम कर रही है.